Madhya Pradesh Places: पचमढ़ी, भेड़ाघाट, मांडू...मानसून में एमपी की 6 जगहें घूमने का लुत्फ उठाएं
Madhya Pradesh Places: मध्यप्रदेश घूमने के लिहाज से एक बेहतरीन राज्य है। मानसून सीजन में यहां आप कई दर्शनीय जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।
मानसून में मध्यप्रदेश में घूमने वाली जगहें।
Madhya Pradesh Places: मध्यप्रदेश एक ऐसा राज्य है जिसे मानसून सीजन में एक्सप्लोर करना एक सुखद अनुभव हो सकता है। रैनी सीजन में इस स्टेट को आप फैमिली के साथ एक्सप्लोर कर सकते हैं। । हरियाली से ढकी पहाड़ियां, झरनों की गूंज और नदियों का कल-कल बहाव इस राज्य को बारिश के दिनों में एक अलग ही रूप दे देता है।
आप अगर मानसून में छुट्टियों की प्लानिंग कर रहे हैं, तो मध्यप्रदेश की कई जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं। यहां न सिर्फ ऐतिहासिक धरोहरें और धार्मिक स्थल हैं, बल्कि नेचर लवर्स के लिए भी कई सुंदर लोकेशन हैं।
मध्यप्रदेश में घूमने वाली 6 लोकप्रिय जगहें
पचमढ़ी
पचमढ़ी मध्यप्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन है। यह ‘सतपुड़ा की रानी’ के नाम से भी मशहूर है। मानसून में यह जगह स्वर्ग जैसी लगती है। यहां के झरने, हरी-भरी घाटियां और ठंडी हवाएं पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। बी-फॉल, धूपगढ़ और जटाशंकर मंदिर यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।
भेड़ाघाट
जबलपुर के पास स्थित भेड़ाघाट अपनी संगमरमर की चट्टानों और धुआंधार जलप्रपात के लिए प्रसिद्ध है। मानसून में यहां नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने से झरना और भी शानदार दिखता है। ऐसा लगता है कि दूध की नदी बह रही है। यहां की बोटिंग का अनुभव अनोखा है।
अमरकंटक
विंध्य और सतपुड़ा की पहाड़ियों के संगम पर बसा अमरकंटक मानसून में बेहद खूबसूरत लगता है। यह नर्मदा नदी का उद्गम स्थल है और यहां की हरियाली, झरने और धार्मिक महत्व पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
मांडू
मांडू जिसे मांडव भी कहा जाता है अपने ऐतिहासिक किलों और राजमहलों के लिए मशहूर है। बारिश में यहां की वास्तुकला और हरे-भरे बाग-बगीचे देखने लायक होते हैं। जहाज महल और रूपमती महल यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।
कान्हा नेशनल पार्क
वन्यजीव प्रेमियों के लिए मानसून में कान्हा नेशनल पार्क एक बेहतरीन जगह है। हालांकि मानसून में पार्क आंशिक रूप से बंद रहता है, लेकिन आसपास की हरियाली और गांव का नजारा मन मोह लेता है।
तामिया
छिंदवाड़ा जिले का तामिया मानसून में बादलों की वादियों जैसा नजर आता है। यहां से सतपुड़ा की हरी-भरी पहाड़ियों का नजारा अद्भुत होता है। यह भीड़-भाड़ से दूर शांतिपूर्ण जगह है।