Pure Mawa Test: शुद्ध समझकर सिंथेटिक मावा तो नहीं खा रहे आप? इन ट्रिक्स से कर लें प्योरिटी टेस्ट
Pure Mawa Test: सिंथेटिक मावा आजकल बाजार में धड़ल्ले से बिकने लगा है। ऐसे में आप अगर मावा खरीदकर लाए हैं तो मिनटों में उसका प्योरिटी टेस्ट कर सकते हैं।
सिंथेटिक मावा की पहचान के तरीके।
Pure Mawa Test: त्योहारी सीजन हो या शादी-ब्याह, मिठाइयों की बात आते ही मावा सबसे पहले याद आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में बिकने वाला हर मावा शुद्ध नहीं होता? मुनाफा कमाने के चक्कर में कई जगहों पर सिंथेटिक या मिलावटी मावा धड़ल्ले से बेचा जा रहा है, जो स्वाद में तो ठीक लगता है लेकिन सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। अक्सर लोग रंग, खुशबू और कीमत देखकर मावा खरीद लेते हैं, लेकिन यही सबसे बड़ी गलती हो सकती है।
मिलावटी मावे का लंबे समय तक सेवन पेट से जुड़ी समस्याओं से लेकर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। ऐसे में जरूरी है कि आप खरीदने से पहले मावे की शुद्धता पहचानना सीख लें। आइए जानते हैं सिंथेटिक मावे की पहचान करने के आसान और कारगर तरीके।
क्या होता है सिंथेटिक मावा
सिंथेटिक मावा असली दूध से नहीं बल्कि रिफाइंड तेल, स्टार्च, डिटर्जेंट, यूरिया या अन्य केमिकल्स से तैयार किया जाता है। इसे दूध जैसा रंग और टेक्सचर देने के लिए केमिकल्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे आम ग्राहक आसानी से धोखा खा जाता है।
इन तरीकों से मिलावट पहचानें
हाथ से मसलकर करें टेस्ट: थोड़ा सा मावा हथेली पर लेकर मसलें। अगर मावा ज्यादा चिकना और तेल छोड़ने लगे तो यह मिलावटी हो सकता है। शुद्ध मावा मसलने पर हल्का दानेदार महसूस होता है और ज्यादा चिकनाई नहीं छोड़ता।
गर्म करने पर पहचान: एक चम्मच मावा तवे पर हल्का गर्म करें। अगर मावा पिघलकर ज्यादा तेल छोड़ दे या उसमें से अजीब गंध आए, तो समझ जाएं कि मावा सिंथेटिक है। शुद्ध मावा गर्म होने पर हल्की खुशबू देता है और रंग नहीं बदलता।
पानी में घोलकर देखें: मावे का छोटा टुकड़ा गुनगुने पानी में डालें। अगर पानी में सफेद झाग बनने लगे या मावा पूरी तरह घुल जाए, तो यह मिलावट का संकेत है। शुद्ध मावा पानी में डालने पर धीरे-धीरे टूटता है, लेकिन झाग नहीं बनाता।
स्वाद से करें पहचान: मावे का स्वाद भी बहुत कुछ बता देता है। सिंथेटिक मावे में हल्की कड़वाहट या केमिकल जैसा स्वाद महसूस हो सकता है, जबकि शुद्ध मावा खाने में हल्का मीठा और दूधिया स्वाद देता है।
रंग और बनावट पर दें ध्यान: बहुत ज्यादा सफेद या जरूरत से ज्यादा चमकदार मावा भी शक पैदा करता है। असली मावा हल्का क्रीम रंग का होता है और उसकी सतह बहुत ज्यादा स्मूद नहीं होती।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)