Satyam Shivam Sundaram: शशि कपूर की दीवानी थीं जीनत अमान, पर्दे पर पहली बार Kiss कर मचाया था बवाल!
दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने इंस्टाग्राम पर शशि कपूर को याद करते हुए खुलासा किया कि वे उनके स्कूल के दिनों के पहले क्रश थे। उन्होंने फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' के बारे में भी कुछ खुलासा किया।
'सत्यम शिवम सुंदरम' में शशि कपूर और जीनत अमान मुख्य भूमिका में थे।
Satyam Shivam Sundaram: दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दिवंगत अभिनेता शशि कपूर को याद करते हुए उनसे जुड़ी कुछ अनमोल यादें साझा की हैं। जीनत ने बताया कि कैसे शशि कपूर उनके स्कूल के दिनों में हर लड़की की तरह उनके भी पहली क्रश थे और किस तरह किस्मत ने उन्हें शशि कपूर के साथ फिल्मों में काम करने का मौका दिया। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' में उनका पहला ऑनस्क्रीन किस सीन भी शशि कपूर के साथ ही था।
शशि कपूर की दीवानी थीं ज़ीनत अमान
जीनत अमान ने अपने पोस्ट में लिखा- "उन चमकती आंखों और हैंडसम चेहरे के साथ शशि कपूर हर भारतीय स्कूल गर्ल की फैंटेसी थे! मैं भी उनमें शामिल थी। पहली बार जब मैंने उन्हें देखा, मैं बोर्डिंग स्कूल में थी। वह शेक्सपियराना थिएटर ग्रुप के साथ पंचगनी आए थे, जिसमें उनकी भावी पत्नी जेनिफर भी थीं। लड़कियां उनकी एक झलक पाने को बेताब थीं।"
ज़ीनत अमान ने आगे लिखा कि शशि कपूर दक्षिण मुंबई में उनके ही पड़ोस में रहते थे और हर शाम 6 बजे टहलने निकलते थे। उन्होंने आगे लिखा- "हम लड़कियां अपने मां-बाप को समझातीं कि ताज़ी हवा में घूमना सेहत के लिए ज़रूरी है, जबकि असल में हम सिर्फ एक झलक पाने को बेताब थीं वो भी शॉर्ट्स पहने शशि कपूर की!"
पहली मुलाकात से फिल्मी सफर तक
समय के साथ जब ज़ीनत और शशि कपूर के करियर की राहें एक-दूसरे से टकराईं, तो दोनों ने एक साथ कई फिल्में कीं – रोटी, कपड़ा और मकान, चोरी मेरा काम, वकील बाबू जैसी हिट फिल्मों में दोनों की जोड़ी खूब पसंद की गई। जीनत ने सत्यम शिवम सुंदरम के किस सीन का ज़िक्र करते हुए लिखा- "यह मेरे करियर का अहम मोड़ था। यह मेरी पहली ऑनस्क्रीन किस थी। उस वक्त काफी हंगामा हुआ था, लेकिन सीन खुद में काफी सौम्य था और मुझे शूटिंग के दौरान ज़रा भी असहज महसूस नहीं हुआ। स्कूल की जीनत अगर यह पोस्ट देखती तो वह फूली न समाती। एक क्रश का ऐसा साकार होना, भले ही सिर्फ सेलुलॉइड पर, एक सपना सच होने जैसा है।"
शशि कपूर की विरासत
शशि कपूर ने 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें 'दीवार', 'कभी कभी', 'नमक हलाल' जैसी हिट फिल्में शामिल हैं। उन्होंने समानांतर सिनेमा को भी बढ़ावा दिया और मुंबई के प्रतिष्ठित प्रिथ्वी थिएटर की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। उनका निधन 4 दिसंबर 2017 को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुआ था।