कोलकाता में 'द बंगाल फाइल्स' ट्रेलर लॉन्च पर हंगामा: विवेक अग्निहोत्री ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल; Video
कोलकाता में निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान जमकर हंगामा हुआ। डायरेक्टर ने राजनैतिक दबाव का आरोप लगाया है।
'द बंगाल फाइल्स' का ट्रेलर जारी हो गया है।
Vivek Agnihotri- The Bengal Files: फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म द बंगाल फाइल्स रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। शुक्रवार को फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कोलकाता में जमकर हंगामा हुआ। विवेक अग्निहोत्री ने दावा किया है कि उनकी फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कोलकाता में रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते यह कदम उठाया गया और इसे उन्होंने 'अराजकता और तानाशाही' करार दिया।
विवेक ने कहा कि ट्रेलर लॉन्च को सीबीएफसी से परमिशन मिली थी, फिर भी पुलिस को मौके पर बुलाकर कार्यक्रम को रुकवा दिया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "यह सब कैमरे के सामने हुआ है। यह लोकतंत्र नहीं, तानाशाही है। पुलिस का इस्तेमाल यहां राजनीतिक मंसूबों के लिए किया गया।"
पल्लवी जोशी ने उठाए सवाल
फिल्म की अहम कलाकार और विवेक अग्निहोत्री की पत्नी पल्लवी जोशी ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "यह देखकर बहुत दुख हुआ कि हमें अपनी बनाई हुई फिल्म दिखाने की अनुमति नहीं मिली। क्या अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता अब बची ही नहीं? कश्मीर में भी ऐसा कभी नहीं हुआ। क्या अब यह मान लिया जाए कि बंगाल की स्थिति कश्मीर से भी खराब है?"
उन्होंने आगे कहा कि द बंगाल फाइल्स जैसी फिल्मों का आना बेहद ज़रूरी है ताकि देश के लोग सच जान सकें।
फिल्म के बारे में
'द बंगाल फाइल्स' पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास और जनसंख्या परिवर्तन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, सास्वता चटर्जी और मिथुन चक्रवर्ती जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।