'द बंगाल फाइल्स': डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री पर केस दर्ज, इस सीन को लेकर उठा विवाद
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' विवादों में फंस गई है। अब उनके खिलाफ एक मामले में केस दर्ज हुआ है। फिल्म को लेकर क्या है विवाद? जानिए...
'द बंगाल फाइल्स' का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है।
The Bengal Files- Vivek Agnihotri: फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री की अपकमिंग फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म में बंगाल के इतिहास से जुड़े अहम मुद्दों को दिखाया गया है। इसमें गोपाल मुखर्जी उर्फ गोपाल पाठा की छवि को लेकर उनके परिवार ने कड़ा ऐतराज जताया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ शिकायत भी दर्ज की है। जानिए पूरा मामला।
विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ शिकायत
'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के अनुसार, गोपाल मुखर्जी के पोते शांतनु मुखर्जी ने निर्देशक विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर में उनके दादा को “कसाई गोपाल पाठा” कहकर पेश किया गया है, जो गलत और अपमानजनक है। बताते चलें, गोपाल मुखर्जी को 1946 में बंगाल में हुए दंगों के दौरान सांप्रदायिक हिंसा और हिंदुओं पर अत्याचार को रोकने का श्रेय दिया जाता है।
शांतनु ने कहा,
"मेरे दादा को कसाई कहा गया है, जो बिल्कुल गलत है। वह स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय थे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरित थे। उन्होंने कई स्वतंत्रता सेनानियों के साथ काम किया। ऐसे में उन्हें 'कसाई' या 'पाठा' कहकर दिखाना उनकी विरासत का अपमान है।"
शांतनु ने कहा कि विवेक अग्निहोत्री ने उनके परिवार से कोई संपर्क नहीं किया। इसी कारण उन्होंने FIR दर्ज कराई और कानूनी नोटिस भेजा है।
ये भी पढ़ें- कोलकाता में 'द बंगाल फाइल्स' ट्रेलर लॉन्च पर हंगामा: विवेक अग्निहोत्री ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल; Video
फिल्म के बारे में
फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है और इसका निर्माण अभिषेक अग्रवाल, पल्लवी जोशी और अग्निहोत्री ने मिलकर किया है। फिल्म 1946 के डायरेक्ट एक्शन डे, कलकत्ता किलिंग्स और नोआखाली दंगों जैसे अहम मुद्दों पर आधारित है। इसमें दंगों की भयावहता, मानवीय त्रासदी और उसके असर को दिखाया जाएगा, जिनमें 5000 से अधिक लोगों की जान गई थी।
फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसे दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग 'द बंगाल फाइल्स: राइट टू लाइफ' 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा।
यहां देखें फिल्म का ट्रेलर: