Rajinikanth: रजनीकांत ने 75वां जन्मदिन मनाने के बाद तिरुपति मंदिर के किए दर्शन, परिवार संग लिया आशीर्वाद
सुपरस्टार रजनीकांत ने अपना 75वां जन्मदिन मनाने के एक दिन बाद आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित तिरुमला मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया। वह परिवार के साथ भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन पहुंचे, जहां से उनके वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
75वां जन्मदिन मनाने के बाद रजनीकांत ने तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए
Rajinikanth: सुपरस्टार रजनीकांत ने अपना 12 दिसंबर को अपना 75वां जन्मदिन मनाया। इसके एक दिन बाद शनिवार को वह अपने पूरे परिवार के साथ आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित तिरुमला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करने पहुंचे। मंदिर से सामने आए वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें अभिनेता पूजा-अर्चना के बाद मुस्कुराते हुए पैपराजी के लिए पोज देते दिख रहे हैंय़
परिवार के साथ पहुंचे मंदिर
मंदिर दर्शन के दौरान रजनीकांत के साथ उनकी पत्नी लता, बेटियां सौंदर्या और ऐश्वर्या, और पोते यात्रा, राजा भी मौजूद थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि रजनीकांत सादगी भरे अंदाज में मंदिर परिसर में प्रवेश करते हैं।
दर्शन के बाद उन्होंने बाहर मौजूद भक्तों की ओर हाथ हिलाया और मुस्कुराते हुए कैमरों का सामना किया। इस मौके पर रजनीकांत सफेद कुर्ता-पायजामा और शॉल में नजर आए।
जन्मदिन पर फैंस का जबरदस्त जश्न
शुक्रवार को रजनीकांत के जन्मदिन के मौके पर चेन्नई स्थित उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जुटे। कई प्रशंसक उनके आइकॉनिक फिल्मी किरदारों की तरह कपड़े पहनकर पहुंचे और अपने चहेते स्टार के लिए प्यार जाहिर किया। कुछ फैंस ने उनकी फिल्मों के पसंदीदा सीन और किरदारों को याद करते हुए भावुक प्रतिक्रियाएं भी दीं।
सितारों ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
रजनीकांत के खास दिन पर फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कमल हासन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखते हुए उनके 75 साल के जीवन और 50 साल के फिल्मी सफर को सलाम किया। मोहनलाल, धनुष सहित कई अन्य सितारों ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
रजनीकांत की आने वाली फिल्में
‘थलाइवा’ के नाम से मशहूर रजनीकांत भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित कलाकारों में गिने जाते हैं। 40 साल से ज्यादा के करियर में उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। काम के मोर्चे पर रजनीकांत जल्द ही अपनी सुपरहिट फिल्म 'जेलर' के सीक्वल 'जेलर 2' में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज कर रहे हैं, जिन्होंने हाल ही में रजनीकांत के साथ 'कुली' में भी काम किया था।