Assi Trailer out: यौन हिंसा के खिलाफ लड़ाई लड़ती दिखीं तापसी पन्नू, अनुभव सिन्हा की फिल्म 'अस्सी' का ट्रेलर रिलीज
Assi Trailer: तापसी पन्नू की अगली फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में यौन हिंसा जैसे गंभीर मुद्दे को दिखाया गया है जिसमें तापसी एक जुझारू वकील के किरदार में नजर आ रही हैं।
तापसी पन्नू स्टारर फिल्म 'अस्सी' का ट्रेलर रिलीज
Assi Trailer out: अभिनेत्री तापसी पन्नू करीब डेढ़ साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। 2024 की फिल्म 'खेल खेल' में के बाद अब वह निर्देशक अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘अस्सी’ में एक बार फिर नजर आएंगी। अस्सी का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया है, जिसमें तापसी एक जुझारू वकील की भूमिका में नजर आ रही हैं।
इससे पहले तापसी, अनुभव सिन्हा की 'मुल्क' और 'थप्पड़' जैसी प्रभावशाली फिल्मों में काम कर चुकी हैं, जिसे क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। वहीं अब अस्सी का ट्रेलर भी सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है।
'अस्सी' के ट्रेलर की खास बातें
ट्रेलर में दिखाया गया है- महिला (कनी कुसरुति) सामूहिक बलात्कार शिकार होती है और बाद में उसे चलती कार से बाहर फेंक दिया जाता है। इसके बाद तापसी का किरदार उसका केस अपने हाथ में लेता है और न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई शुरू करता है। हालांकि यह सफर आसान नहीं है। कोर्ट में यह साबित करना कि अपराध हुआ है, अपने आप में एक कठिन और पीड़ादायक प्रक्रिया के रूप में दिखाया गया है।
ट्रेलर के विजुअल्स केवल कोर्टरूम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि एक तनावपूर्ण जांच और समाज के उन पहलुओं को सामने लाते हैं, जो असहज और परेशान करने वाले हैं। फिल्म सिर्फ कानूनी बहसों तक सिमटती नहीं दिखती, बल्कि आने वाली पीढ़ियों पर पड़ने वाले असर जैसे बड़े सवाल भी उठाती है।
फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट
फिल्म में रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा विशेष भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
टी-सीरीज़ और बनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले बनी ‘अस्सी’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज के साथ ही इसका मुकाबला मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म दो दीवाने सहर में से होगा।