Bollywood Update: ऐश्वर्या राय, सलमान खान के बाद अब विवेक ओबरॉय भी पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट! जानें क्या है वजह

अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने अपनी पहचान के दुरुपयोग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स, एआई जनरेटेड कंटेंट और डीपफेक के बढ़ते मामलों के बीच उन्होंने अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा की मांग की है।

Updated On 2026-02-04 19:14:00 IST

सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, विवेक ओबरॉय (तस्वीर- Instagram)

Vivek Oberoi moves Delhi High Court: हाल ही के कुछ समय में बॉलीवुड के तमाम सेलेब्रिटीज दिल्ली हाईकोर्ट का रुख कर चुके हैं। वजह सामने आई पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा की। एआई के जमाने में सोशल मीडिया पर अपनी पहचान का दुरुपयोग न हो सके, इसको देखते हुए अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या-अभिषेक बच्चन, करण जौहर से लेकर सलमान खान भी पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख कर चुके हैं। अब लिस्ट में अभिनेता विवेक ओबरॉय का नाम भी जुड़ गया है।

पर्सनालिटी राइट्स को लेकर कोर्ट गए विवेक ओबरॉय

अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने अपनी पहचान के कथित दुरुपयोग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपनी याचिका में अपनी पर्सनैलिटी राइट्स (व्यक्तित्व अधिकारों) की सुरक्षा की मांग की है। विवेक उन कई सेलेब्रिटीज़ की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने हाल के समय में फर्जी अकाउंट्स, एआई जनरेटेड कंटेंट और डीपफेक के बढ़ते मामलों के खिलाफ अदालत का सहारा लिया है।


ANI के मुताबिक, विवेक ओबेरॉय ने कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा है कि उनके नाम, तस्वीर, आवाज़ और पहचान का बिना अनुमति व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। यह याचिका उनके वकीलों- सना रईस खान और प्रणय चितले के माध्यम से दायर की गई है, जिसमें उन्होंने पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स के उल्लंघन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।

ऑनलाइन बेची जा रही थी विवेक के नाम-पहचान की सामग्री

याचिका में यह भी बताया गया है कि उनकी तस्वीर का इस्तेमाल कर पोस्टर, टी-शर्ट और पोस्टकार्ड जैसे सामान बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा, एआई तकनीक की मदद से उनके नाम और चेहरे का उपयोग कर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट भी तैयार किया गया है, जिससे न केवल लोगों में भ्रम फैल सकता है, बल्कि उनकी सार्वजनिक छवि और साख को भी नुकसान पहुंच सकता है।

विवेक ओबेरॉय ने कोर्ट को यह भी बताया कि इतने बड़े पैमाने पर हो रहे दुरुपयोग में सभी दोषियों की पहचान कर पाना संभव नहीं है। इसी वजह से उन्होंने अदालत से एक व्यापक ‘जॉन डो’ आदेश (अज्ञात लोगों के खिलाफ आदेश) जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि ऐसे सभी अनजान उल्लंघनकर्ताओं पर रोक लगाई जा सके।

सेलेब्रिटीज में बढ़ती चिंता

गौरतलब है कि हाल के दिनों में कई बड़े सितारे भी अपने पर्सनैलिटी राइट्स की रक्षा के लिए अदालत पहुंचे हैं। इस सूची में सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, अमिताभ बच्चन, करण जौहर, ऋतिक रोशन, जया बच्चन, ऋषभ शेट्टी और नागार्जुन अक्किनेनी जैसे नाम शामिल हैं।


हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन जैसे सितारों के मामलों में ऐसे आदेश दिए हैं, जिससे बिना अनुमति नाम, तस्वीर और आवाज़ के व्यावसायिक इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाई गई है।

क्या होते हैं पर्सनैलिटी राइट्स?

पर्सनैलिटी राइट्स वे कानूनी अधिकार होते हैं, जिनके तहत किसी व्यक्ति को अपनी पहचान के सार्वजनिक और व्यावसायिक उपयोग पर नियंत्रण का अधिकार मिलता है। इनमें किसी का नाम, तस्वीर, आवाज़, सिग्नेचर, पहचान या यहां तक कि चर्चित डायलॉग्स भी शामिल हो सकते हैं।

इन अधिकारों को आमतौर पर दो हिस्सों में बांटा जाता है-

  • राइट ऑफ पब्लिसिटी, जो बिना अनुमति व्यावसायिक इस्तेमाल से सुरक्षा देता है, और
  • राइट ऑफ प्राइवेसी, जो डीपफेक, मॉर्फ्ड तस्वीरों, फर्जी विज्ञापनों या निजी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कंटेंट से बचाव करता है।
Tags:    

Similar News

'दो दीवाने सहर में' का ट्रेलर रिलीज: सिद्धांत-मृणाल बयां करेंगे असली और अधूरी मोहब्बत की कहानी