Sunjay Kapur Death: करिश्मा कपूर के Ex हसबैंड संजय कपूर का 53 साल की उम्र में निधन, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का 53 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह घटना इंग्लैंड में पोलो मैच के दौरान हुई।

Updated On 2025-06-13 12:17:00 IST

Sunjay Kapur Death: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के Ex हसबैंड और बिजनेसमैन संजय कपूर का 53 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह दुखद घटना इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान हुई, जहां वह खेलते समय अचानक गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संजय कपूर के अचानक निधन से उद्योग जगत, बॉलीवुड और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

बता दें कि संजय कपूर सिक्सट इंडिया के सीईओ और ऑटोमोटिव कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। हाल ही में उन्हें भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के उत्तरी क्षेत्र का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था। वह औद्योगिक विकास, MSMEs को सशक्त बनाने और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने जैसे कई महत्वपूर्ण उद्देश्यों पर कार्य कर रहे थे।

करिश्मा कपूर से शादी और निजी जीवन
संजय कपूर ने 29 सितंबर 2003 को करिश्मा कपूर से शादी की थी। इस शादी से कपल की बेटी समायरा और बेटा कियान हैं। शादी के कुछ सालों बाद ही उनके रिश्ते में खटास देखने को मिली, जिसके चलते साल 2014 में उन्होंने तलाक की अर्जी दी। जिसके बाद साल 2016 में उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद दोनों बच्चे करिश्मा कपूर के साथ ही रहते हैं। बता दें कि करिश्मा कपूर से तलाक के बाद संजय ने प्रिया सचदेव से दूसरी शादी कर ली थी।

सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट
दिलचस्प बात यह है कि निधन से कुछ ही घंटे पहले संजय कपूर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने एयर इंडिया विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति संवेदना जताई थी। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, "अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की दुखद खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे।"

सोशल मीडिया पर शोक

उनके करीबी और मशहूर उद्योगपति सुहेल सेठ ने भी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर संजय कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "संजय कपूर के निधन पर गहरा दुख हुआ। आज सुबह इंग्लैंड में उनका निधन हो गया। यह उनके परिवार और सहयोगियों के लिए गहरी संवेदना है।"



काजल सोम

Similar News