डीनो मोरिया के पिता रॉनी मोरिया का निधन: एक्टर ने भावुक पोस्ट में दी विदाई; Ex गर्लफ्रेंड बिपाशा बसु ने किया रिएक्ट
बॉलीवुड अभिनेता डीनो मोरिया के पिता रॉनी मोरिया का निधन हो गया है। एक्टर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने पिता को याद किया, जिस पर कई बॉलीवुड सितारों ने शोक जताया।
डीनो मोरिया ने अपने पिता के निधन पर भावुक पोस्ट लिखा। (Photo- Instagram)
Dino Morea Father death: बॉलीवुड अभिनेता डीनो मोरिया के पिता रॉनी मोरिया का दुखद निधन हो गया है। एक्टर ने सोशल मीडिया पर अपने पिता के निधन की जानकारी दी है। हालांकि उन्होंने अपने पिता के निधन की वजह का खुलासा नहीं किया लेकिन एक बेहद भावुक पोस्ट साझा कर अपने पिता को याद किया और उनके साथ बिताए खूबसूरत पलों को शब्दों में संजोया।
डीनो मोरिया ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की पुरानी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, "जीवन को पूरे उत्साह के साथ जीना, हर दिन हंसना, नेचर के करीब रहना, मेहनत करना, फिट रहना और दूसरों के प्रति दयालु होना- ये सभी सीख उन्हें अपने पिता से मिली हैं। मेरे पिता मेरे गुरु, हीरो और सबसे बड़ी इन्सपिरेशन। जब तक फिर मुलाकात नहीं होती, तब तक ऐसे ही कूल रहिए। लव यू डैड।”
शेयर किए गए वीडियो में रॉनी मोरिया को एक घरेलू पार्टी में डांस करते हुए और एक अन्य क्लिप में वर्कआउट करते हुए देखा जा सकता है, जिससे उनकी जिंदादिली और फिटनेस के प्रति लगाव साफ झलकता है।
बिपाशा, मलाइका, चंकी पांडे ने जताया शोक
डीनो के इस पोस्ट पर बॉलीवुड के कई सितारों ने शोक व्यक्त किया। बिपाशा बसु, मलाइका अरोड़ा, संध्या मृदुल, चंकी पांडे, शिबानी दांडेकर अख्तर, विशाल ददलानी, अमृता अरोड़ा और बख्तियार ईरानी समेत कई कलाकारों ने कमेंट कर डीनो और उनके परिवार को इस कठिन समय में दिलासा दिया।
बताते चलें, रॉनी मोरिया मूल रूप से इटली से थे। डीनो मोरिया ने अपने जीवन के शुरुआती 11 साल इटली में बिताए, जिसके बाद वे भारत आए।
काम की बात करें तो डीनो मोरिया हाल ही में फिल्म हाउसफुल 5 में नजर आए थे। फिलहाल उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर कोई घोषणा नहीं की है।