Dhurandhar: रणवीर सिंह की 'धुरंधर' के फर्स्ट लुक ने मचाया गदर; यहां जानें संजय दत्त, आर. माधवन समेत पावरफुल कास्ट

रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ का पहला लुक रिलीज हो गया है जिसकी खूब चर्चा है। इस फिल्म में रणवीर के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन समेत कई कलाकार नजर आएंगे।

Updated On 2025-07-07 13:07:00 IST

‘धुरंधर’ की फुल कास्ट

Dhurandhar Full Cast: रणवीर सिंह की आगामी एक्शन ड्रामा फिल्म ‘धुरंधर’ का मोस्ट अवेटेड फर्स्ट लुक उनके जन्मदिन के खास मौके पर जारी किया गया। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म का टीजर 2 मिनट 40 सेकेंड का है, जिसमें रणवीर के बेहद रॉ और इंटेंस अवतार की झलक देखने को मिली।

रणवीर सिंह का खतरनाक लुक
फिल्म में रणवीर लंबे बालों, घनी दाढ़ी और सिगरेट के साथ एक मिस्ट्री भरे किरदार में नजर आ रहे हैं जो किसी बदले की आग में जल रहे हैं। शुरुआती सीन्स में वे एक रेस्टोरेंट में काम करते दिखाई देते हैं, लेकिन जैसे ही कहानी आगे बढ़ती है, उनका गुस्सा और एक्शन भरा रूप सामने आता है। एक डायलॉग, “घायल हूं इसलिए घातक हूं,” फिल्म के टोन को बखूबी बयां करता है।

Full View

'धुरंधर' की पूरी स्टार कास्ट
इस फिल्म की सबसे खास बात इसका दमदार स्टारकास्ट है। रणवीर सिंह के साथ-साथ फिल्म में ये सितारे नज़र आएंगे:

सारा अर्जुन: रणवीर सिंह की लव इंटरेस्ट के रूप में दिखाई देंगी। टीजर में वे क्लब में डांस करते हुए, रणवीर के साथ बाइक पर और रोमांटिक सीन में नजर आती हैं।

संजय दत्त: रफ एंड टफ लुक में रणवीर के इंटेंस अंदाज को टक्कर देते दिख रहे हैं।

अक्षय खन्ना: पठानी सूट पहने, मुख्य विलेन की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं।

आर. माधवन: टीजर में बैकग्राउंड वॉयस देने के साथ-साथ वे एक अधिकारी की भूमिका में हैं, जो उनके बदले हुए लुक से साफ झलकता है। कयास लग रहे हैं कि वह भारत के एनएसए चीफ अजित डोभाल के रोल में नजर आ सकते हैं। 

अर्जुन रामपाल: सुनहरे दांत, घनी सफेद दाढ़ी और तीव्र निगाहों वाले उनके नए अवतार ने सबको चौंका दिया है।

'धुरंधर' की कहानी
‘धुरंधर’ को जियो स्टूडियोज़ और B62 स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत किया गया है। इस फिल्म की कहानी आदित्य धर ने लिखी है साथ ही इसका निर्देशन और प्रोड्यूस भी किया है, जबकि ज्योति देशपांडे और लोकेश धर फिल्म के सह-निर्माता हैं।

हालांकि मेकर्स ने फिल्म की कहानी को लेकर अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन टीज़र की शुरुआत में “सच्ची घटना पर आधारित” का संदेश दिखाई देता है। चर्चा है कि फिल्म की कहानी भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के जीवन से प्रेरित हो सकती है, जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक जैसे ऐतिहासिक मिशनों में अहम भूमिका निभाई थी। फिलहाल धुरंधर का टीजर फैंस के बीच नई एक्साइटमेंट लेकर आया है। 

Tags:    

Similar News