MP Board Paper Leak: श्योपुर में 8वीं के पेपर लीक की आशंका; 3 को छोड़कर सब सवाल एक जैसे, परीक्षा से पहले वायरल हुआ पर्चा

MP Board Paper Leak: मध्य प्रदेश में इस समय बोर्ड की परीक्षाएं चल रही है। ऐसे में एमपी के श्योपुर से पेपर लीक की खबर सामने आई है।

Updated On 2024-03-14 19:08:00 IST
UPPSC RO ARO Paper Leak

MP Board Paper Leak: मध्य प्रदेश में इस समय 5वीं और 8वीं की बोर्ड की परीक्षाएं चल रही है। ऐसे में एमपी के श्योपुर से पेपर लीक की खबर सामने आई है। बता दें कि प्राइवेट स्कूल टीचर्स के वॉट्सएप ग्रुप पर गुरुवार को एक पर्चा शेयर किया गया। इस पर्चे में 8वीं क्लास के सोशल साइंस सब्जेक्ट से जुड़े कुछ प्रश्न लिखे हैं। जबकि उत्तर की जगह गाइड का पेज नंबर दिया है। गंभीर बात ये है कि गुरुवार को ही 8वीं का सोशल साइंस पेपर था। सुबह 9 बजे पेपर शुरू हुआ। इससे पहले सुबह 7 बजे पर्चा ग्रुप पर शेयर किया गया।

पूरे पर्चे में सिर्फ 3 प्रश्न अलग
पेपर खत्म होने के बाद बच्चे 11:30 बजे जब स्कूल से बाहर आए तो उन्हें मिले प्रश्नपत्र से पर्चे का मिलान किया। दोनों में 11, 16 और 17वें नंबर के प्रश्न ही अलग हैं, बाकी पूरा पेपर समान है। इसके चलते स्टूडेंट्स ने पेपर आउट होने की आशंका जताई है।

बच्चों ने लगाए पेपर लीक के आरोप
बच्चों ने आरोप लगाया है कि नकल माफिया ने पेपर लीक कराया है। दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। दूसरी तरफ, संबंधित अधिकारियों ने पेपर लीक या आउट होने की किसी भी आशंका से साफ इनकार किया है।

दो शिक्षक और दो छात्रों के सामने खोलते हैं पेपर
श्योपुर के पुराना हजारेश्वर कॉन्वेंट स्कूल के परीक्षा केंद्र अध्यक्ष जुगराज गुर्जर ने कहा कि हमें पेपर शुरू होने से पहले जन शिक्षा केंद्र कन्या शाला से सुबह 8:20 बजे प्रश्नपत्र मिलते हैं। पेपर का पैकेट हम दो शिक्षक और दो छात्रों के सामने खोलते हैं। पेपर लीक या आउट होने की हमें कोई जानकारी नहीं है। मामला किस स्कूल से जुड़ा है, इसके बारे में कुछ पता नहीं है।'

हाथ से लिखा पर्चा पेपर नहीं
जिला शिक्षा अधिकारी एसएस तोमर ने कहा कि पेपर लीक होने की आशंका की जानकारी नहीं है। यह मेटर जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) का है। उन्हीं से बात कीजिए। वहीं, डीपीसी पीएस गोयल ने बताया कि प्रश्नपत्र जन शिक्षा केंद्र पर जमा रहते हैं। पेपर का पैकेट परीक्षा शुरू होने से 15 मिनिट पहले परीक्षा केंद्र में ही खोला जाता है। जो वायरल हुआ, वह पेपर नहीं बल्कि हाथ से लिखा गया पर्चा है।'​​​​

Similar News