TDP Linked Stocks: चंद्रबाबू नायडू की पत्नी की संपत्ति 5 दिनों में 535 करोड़ रुपए बढ़ी, बेटे को 237 करोड़ का फायदा

TDP Linked Stocks: चुनाव परिणाम आने से एक दिन पहले 3 जून को हेरिटेज फूड्स का शेयर प्राइस 424 रुपए था। जो शुक्रवार को बढ़कर 661.25 रुपए पर बंद हुआ।

Updated On 2024-06-07 20:04:00 IST
TDP Linked Stocks

TDP Linked Stocks: लोककभा और आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद हेरिटेज फूड्स के शेयरों में पिछले 5 दिनों में बंपर उछाल आया। कंपनी के स्टॉक प्राइस में 55 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई। इस कंपनी के फाउंडर तेलुगु देशम पार्टी (TDP) अध्यक्ष और राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे चंद्रबाबू नायडू हैं। उन्होंने 1992 में हेरिटेज फूड्स की नींव रखी थी। हेरिटेज फूड्स के शेयरों में बढ़त के चलते नायडू की पत्नी नारा भुवनेश्वरी की वेल्थ (संपत्ति) 579 करोड़ रुपए बढ़ गई। वे कंपनी की प्रमोटर हैं।

टीडीपी अध्यक्ष की पत्नी और बेटे के पास इतने शेयर?
बता दें कि चुनाव परिणामों से एक दिन पहले 3 जून को हेरिटेज फूड्स का शेयर प्राइस 424 रुपए था। जो शुक्रवार को बढ़कर 661.25 रुपए पर बंद हुआ। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, नारा भुवनेश्वरी कंपनी की टॉप शेयर होल्डर हैं और उनके पास 2,26,11,525 स्टॉक हैं। चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश के पास भी हेरिटेज फूड्स के 1,00,37,453 शेयर हैं। स्टॉक में उछाल से लोकेश की संपत्ति में 237.8 करोड़ रुपए इजाफा हुआ है।  

13 राज्यों में फैला है हेरिटेज फूड्स का कारोबार
चंद्रबाबू नायडू द्वारा शुरु की गई हेरिटेज फूड्स की वेबसाइट पर इसे "भारत में सबसे तेजी से बढ़ती पब्लिक- लिस्टेड कंपनियों में से एक" बताती है। कंपनी डेयरी और ऊर्जा के नए सोर्स को लेकर बिजनेस करती है। मौजूदा समय में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, ओडिशा, एनसीआर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बाजारों में हेरिटेज फूड्स के प्रोडक्ट्स की डिमांड है। कंपनी दूध और मिल्क प्रोडक्ट तैयार कर बेचती है।

टीडीपी आंध्र में 17 सीटों पर चुनाव लड़ी, 16 पर जीत 
लोकसभा चुनाव परिणाम 4 जून को सामने आए थे। इसके तुरंत बाद हेरिटेज फूड्स के शेयरों में तेजी आना शुरू हो गई। टीडीपी ने जिन 17 सीटों पर चुनाव लड़ा, उनमें से 16 पर जीत हासिल की और एनडीए को चुनाव जीतने में अहम भूमिका निभाई। बता दें कि 543 सदस्यीय लोकसभा में एनडीए ने 293 सीटें जीती हैं। पिछले दो चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने वाली बीजेपी को सिर्फ 240 सीटें मिलीं, जो अकेले सरकार बनाने के लिए जरूरी 272 के आंकड़े से काफी पीछे है। इसलिए उसे गठबंधन के सहयोगियों की ओर देखना पड़ रहा है।

Similar News