Gold-Silver Rate: ऑल टाइम हाई के बाद क्रैश हुई चांदी, एक दिन में ₹1.10 लाख हुई सस्ती; सोना भी ₹20 हजार टूटा
30 जनवरी 2026 को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखी गई। 10 ग्राम सोना ₹1.49 लाख और 1 किलो चांदी ₹2.91 लाख पर आ गया। जानिए शहरवार सोने के ताजा रेट और इस गिरावट के पीछे की वजह।
ऑल टाइम हाई के बाद क्रैश हुई चांदी, एक दिन में ₹1.10 लाख हुई सस्ती; सोना भी ₹20 हजार टूटा।
Gold-Silver Price Today: 30 जनवरी को गोल्ड और सिल्वर मार्केट में तेज गिरावट दर्ज की गई। प्रॉफिट बुकिंग के चलते मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतें 1.10 लाख रुपए (27%) लुढ़क गईं, और अब 1 किलो चांदी 2.91 लाख रुपए में उपलब्ध है। एक दिन पहले, यानी 29 जनवरी को चांदी 4.01 लाख रुपए प्रति किलो में बिक रही थी। इसी दौरान सोने में भी 20 हजार रुपए (12%) की गिरावट हुई और 10 ग्राम सोना 1.49 लाख रुपए पर आ गया, जबकि 29 जनवरी को यह 1.69 लाख रुपए पर था।इस तेज गिरावट से निवेशकों और बाजार दोनों पर दबाव बढ़ गया है। आइए देखें सोने-चांदी में इस गिरावट के पीछे का कारण औऱ ताजा भाव।
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने के ताजा भाव (30 जनवरी 2026)
| शहर | भाव (रुपए प्रति 10 ग्राम ) |
| दिल्ली | 1,70,770 |
| मुंबई | 1,70,620 |
| चेन्नई | 1,76,730 |
जयपुर | 1,70,770 |
पटना | 1,70,670 |
अहमदाबाद | 1,70,670 |
रायपुर | 1,70,620 |
लखनऊ | 1,70,770 |
भोपाल | 1,70,670 |
गिरावट के पीछे की वजहें
1. प्रॉफिट बुकिंग
सोना और चांदी की कीमतें हाल के दिनों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं। इसके बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया, जिससे बाजार में तेज बिकवाली हुई और कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
2. फिजिकल डिमांड में कमी
ऑल टाइम हाई के बाद फिजिकल डिमांड कमजोर हुई है। साथ ही औद्योगिक उपयोग को लेकर बढ़ती अनिश्चितता और चिंताएं भी कीमतों पर दबाव डाल रही हैं।
3. मार्जिन बढ़ने का असर
सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के अनुसार, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने सोना और चांदी पर मार्जिन बढ़ा दिया है। सोने के लिए मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8% और चांदी के लिए 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है।
मार्जिन बढ़ने का मतलब है कि ट्रेडर्स को अब ज्यादा सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी। जिन ट्रेडर्स ने पहले खरीदारी की है, उन्हें अतिरिक्त राशि देने के लिए अपनी पूंजी लगानी पड़ती है। अगर तुरंत पैसा उपलब्ध नहीं होता, तो उन्हें सोना या चांदी बेचनी पड़ती है। जब कई लोग एक साथ बेचते हैं, तो कीमतें तेजी से गिरने लगती हैं।
सर्राफा बाजार का हाल
सर्राफा बाजार में भी गिरावट देखी गई है। 1 किलो चांदी का भाव 3,39,350 रुपए पर आ गया, जो 40,638 रुपए कम है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का रेट 1,65,795 रुपए पर पहुंचा, जो 9,545 रुपए सस्ता हुआ।
सर्राफा बाजार शाम 5 बजे बंद हो जाता है, इसलिए यहां वायदा बाजार की तुलना में कीमतों में कम उतार-चढ़ाव देखा गया। वायदा बाजार रात 12 बजे तक खुला रहता है और हर सेकंड बोलियां लगती हैं, जिससे कीमतें लगातार ऊपर-नीचे होती रहती हैं।