Share Market: बजट से पहले गिरावट के साथ खुला बाजार; सेंसेक्स फिसला, निफ्टी 25,300 के नीचे
Budget 2026 पेश होने से पहले शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। रविवार को खुले खास ट्रेडिंग सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में नजर आए।
Share Market
Budget 2026 पेश होने से पहले शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। रविवार को खुले खास ट्रेडिंग सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में नजर आए। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 15.04 अंक टूटकर 82,254.74 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 31.75 अंक फिसलकर 25,288.90 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि गिरावट मामूली रही, लेकिन बजट से पहले निवेशकों में सतर्कता साफ दिखाई दी।
रविवार को क्यों खुला शेयर बाजार?
आज का दिन सामान्य रविवार से अलग है। आमतौर पर शनिवार और रविवार को शेयर बाजार बंद रहता है, लेकिन वित्तीय वर्ष 2026-27 के आम बजट को देखते हुए एनएसई और बीएसई ने विशेष लाइव ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया है।
एक्सचेंजों की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया कि बजट के दौरान होने वाली बड़ी नीतिगत और आर्थिक घोषणाओं पर बाजार को तुरंत प्रतिक्रिया देने का अवसर मिलना चाहिए, इसलिए रविवार को भी कारोबार कराया जा रहा है।
इतिहास में दूसरी बार रविवार को ट्रेडिंग
आजाद भारत के इतिहास में यह दूसरी बार है जब रविवार को शेयर बाजार खुला है। इससे पहले 28 फरवरी 1999 को, जब देश के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे, तब भी बजट के दिन रविवार को बाजार में कारोबार हुआ था।
एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि बजट वाले दिन बाजार का खुला रहना बेहद अहम है। वित्त मंत्री का बजट भाषण सुबह 11 बजे शुरू होता है, जिसमें टैक्स स्लैब, राजकोषीय घाटा, इंफ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग और अन्य सेक्टरों से जुड़े बड़े ऐलान किए जाते हैं।
रविवार को बाजार खोलने के 3 बड़े फायदे
तत्काल प्रतिक्रिया – निवेशक बजट घोषणाओं का असर तुरंत शेयर कीमतों पर देख सकते हैं।
जोखिम प्रबंधन – अगर बाजार बंद रहता, तो सोमवार तक अनिश्चितता बनी रहती।
पारदर्शिता – लाइव ट्रेडिंग से ऑफ-मार्केट सट्टेबाजी पर रोक लगती है।