Adani Group AGM: भारत में बन रहा दुनिया का सबसे बड़ा अक्षय ऊर्जा पार्क, गौतम अदाणी ने साझा की भावी योजनाएं

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि नए भारत के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए हमारा समूह कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप प्राकृतिक संसाधनों में वृद्धि हासिल करने की राह पर है।

Updated On 2025-06-24 12:23:00 IST
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी बैठक को संबोधित करते हुए। 

Adani AGM 2025: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी (Gautam Adani) ने अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन्ड लिमिटेड और एनडीटीवी लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स की वार्षिक आम बैठकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अदाणी ग्रुप की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला, वहीं बीते वर्षों में पाई गई उपलब्धियों के लिए भी सभी के सहयोग की सराहना की। नीचे पढ़िये गौतम अदाणी के संबोधन (Gautam Adani Speech) से जुड़ी बड़ी घोषणाएं...

प्राकृतिक संसाधनों में वृद्धि हासिल करने की राह पर

गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी ग्रुप प्राकृतिक संसाधनों में वृद्धि हासिल करने की राह पर है। नेचुरल रिसोर्सेज ने रिकॉर्ड 47 मिलियन टन कोयला और लौह अयस्क का उत्पादन किया है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026 के अंत तक प्राकृतिक संसाधनों में 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हासिल करने के राह पर हैं। उन्होंने कहा कि हमने भारत के पहले हाइड्रोजन संचालित खनन ट्रक का भी जिम्मा उठाया है।

अदाणी पोर्ट्स ने रिकॉर्ड बनाया

गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी पोर्ट्स भी बेहतरीन कार्य कर रहा है। भारत ने हरित लक्ष्य बनाया है, जिसके लिए अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज इन लक्ष्यों के मुताबिक वैश्विक स्तर पर इलेक्ट्रोलाइजर और सोलर मॉड्यूलर बना रही है। अदाणी पोर्ट्स अपने सोलर मॉड्यूल निर्माण लाइनों का विस्तार कर रही है। अगले वित्त वर्ष तक इसमें 10 गीगावाट की एकीकृत सोलर मॉड्यूल निर्माण की सुविधा होगी।

भारत में बन रहा सबसे बड़ा अक्षय ऊर्जा पार्क

गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी ग्रुप भारत में ऐसा अक्षय ऊर्जा पार्क (Gujarat Hybrid Renewable Energy Park) बनाने जा रहा है, जिसे अंतरिक्ष से भी देखा जा सकेगा। यह पार्क दुनिया का सबसे बड़ा अक्षय ऊर्जा पार्क होगा। 2030 तक 50 गीगावाट का हमारा लक्ष्य यह दर्शाता है कि पैमाने और स्थिरता साथ रह सकती है। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप के पास थर्मल, नवीनीकरण और पंप हाइड्रो उत्पादन क्षमताओं को मिलाकर 2030 तक कुल क्षमता 100 गीगावाट होगी।

अदाणी पावर भी बिजली उत्पादन की राह पर अग्रसर

अदाणी ग्रुप ने अदाणी पावर (Adani Power Limited) की उपलब्धियां भी गिनवाईं। उन्होंने कहा कि अदाणी पावर ने 100 बिलियन यूनिट उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है। हमारे अलावा किसी भी अन्य निजी कंपनी ने ऐसा रिकॉर्ड हासिल नहीं किया है। उन्होंने बताया कि 2030 तक बिजली उत्पादन की क्षमता 31 गीगावाट तक पहुंचने की राह पर है।

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस की भी गिनवाईं उपलब्धियां

गौतम अदाणी ने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग और हाई वोल्टेज लिंक को संभालते हुए अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस (Adani Energy Solutions) ने भारत के ग्रिड को भविष्य के लिए तैयार कर रखा है। इसने ट्रांसमिशन ऑर्डर में करीब 44 हजार करोड़ रुपये हासिल किए हैं। इसके अलावा 13,600 करोड़ रुपये की स्मार्ट मीटरिंग परियोजनाएं भी क्रियान्वित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पूरा साल उथल पुथल भरा रहा, लेकिन अदाणी समूह बाधाओं से परे सपने देखने की हिम्मत रखता है। उन्होंने अदाणी समूह से जुड़े सभी हितधारकों का धन्यवाद किया। बता दें कि इस वार्षिक आम बैठकों से पहले ही अदाणी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिली थी। 

Tags:    

Similar News