Aadhaar Update Fee: आधार अपडेट कराना हो गया महंगा, होम सर्विस के लिए देने होंगे ₹700; जानिए पूरा चार्ज

1 अक्टूबर 2025 से आधार कार्ड में नाम, पता या फोटो जैसी जानकारी अपडेट करना महंगा हो गया है। UIDAI ने चार्ज में 15 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। वहीं हॉम सर्विस की फीस ₹700 तय कर दी है।

Updated On 2025-10-03 13:15:00 IST

1 अक्टूबर से आधार अपडेट कराना हो गया महंगा, इस सर्विस के लिए देने होंगे 700 रुपए।

Aadhaar Update Fee: UIDAI (यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने आधार अपडेट को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। 1 अक्टूबर 2025 से आधार कार्ड अपडेट करने की फीस में बढ़ोतरी कर दी गई है। अब अगर आप अपने आधार कार्ड में नाम, पता, फोटो या अन्य जानकारी बदलवाना चाहते हैं तो पहले से ज्यादा पैसे देने होंगे। ये नई फीस 30 सितंबर 2028 तक लागू रहेंगी।

खास बात यह है कि होम सर्विस के लिए भी अब ₹700 का चार्ज तय किया गया है। इसके अलावा बायोमेट्रिक्स अपडेट, दस्तावेज़ अपलोडिंग और अन्य सेवाओं के लिए भी नए चार्ज लागू होंगे। यहां हम आपको डिटेल में बताएंगे कि किन-किन सर्विस पर कितनी फीस लगेगी और किन लोगों को इससे राहत मिलेगी।

बायोमेट्रिक्स अपडेट अब देने होंगे ये इतने रुपए

आधार में यूजर्स को अब फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन या फोटो जैसे बायोमेट्रिक जानकारी को अपडेट कराने पर अब ₹125 का चार्ज देना होगा। जबकि पहले यह सेवा ₹100 में मिलती थी, यानी अब ₹25 ज्यादा खर्चा करना होगा।

डेमोग्राफिक जानकारी अपडेट में भी बढ़े पैसे

अगर आप आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर जैसे डेमोग्राफिक जानकारी अपडेट कराना चाहते हैं, तो फीस अब ₹75 हो गई है। पहले इस सर्विस का चार्ज ₹50 रुपए था। यह शुल्क केवल पर्सनल जानकारी अपडेट करने पर लागू होगा, बायोमेट्रिक्स पर नहीं।

डॉक्यूमेंट अपलोडिंग पर चुकाना होगा इतना चार्ज

पहचान या पता प्रमाण पत्र के लिए दस्तावेज़ अपलोड करना हो तो आप यह मुफ्त में myAadhaar पोर्टल पर कर सकते हैं, यह सुविधा 14 जून 2026 तक रहेगी। लेकिन अगर आप आधार सेवा केंद्र (Aadhaar Seva Kendra) पर दस्तावेज जमा कराते हैं तो ₹75 देने होंगे।

होम आधार सेवा पर लगेंगे ₹700

UIDAI ने होम सर्विस की भी फीस तय कर दी है। अब घर बैठे आधार अपडेट कराने के लिए ₹700 (GST सहित) देना होगा। अगर एक ही पते पर एक से ज्यादा लोग सेवा लेते हैं, तो पहले व्यक्ति को ₹700 देना होगा और हर अतिरिक्त व्यक्ति के लिए ₹350 की फीस देनी होगी।

बच्चों के आधार अपडेट में राहत

बच्चों की बायोमेट्रिक अपडेट (5–7 वर्ष और 15–17 वर्ष की उम्र वाले) पर कोई फीस नहीं लगेगी। यानी माता-पिता को अपने बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के लिए कुछ नहीं देना होगा।

ये बदलाव उन सभी यूजर्स को प्रभावित करेंगे जो आने वाले वर्षों में आधार जानकारी अपडेट करवाना चाहते हैं। इसलिए नई नियमों को समझकर अपने अपडेट की योजना बनाना जरूरी है।

Tags:    

Similar News