Ladli Behna Yojana: मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर के शबरी माता मंदिर घाटीगांव से लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त जारी की। इस तरह प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया गया। यह राशि योजना की 34वीं किश्त के रूप में बहनों को प्रदान की जा रही है।
सहायता राशि में 250 रुपये की वृद्धि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में योजना के अंतर्गत नवंबर माह से मासिक सहायता में 250 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे अब पात्र हितग्राही बहनों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।
आज घाटीगांव, ग्वालियर से ₹1,836 करोड़ से अधिक की राशि सिंगल क्लिक द्वारा लाड़ली बहनों के खातों में भेजी।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 13, 2026
इस अवसर पर माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @JM_Scindia जी साथ में उपस्थित रहे।#LadliBahnaMP pic.twitter.com/PC3hrq2Lty
प्रदेश में जून 2023 से प्रारंभ हुई यह योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान का नया आधार बनी है। जून 2023 से फरवरी 2026 तक योजना के तहत 33 किश्तों का नियमित अंतरण किया जा चुका है। इस अवधि में 54,140 करोड़ रुपये की राशि बहनों के खातों में सीधे अंतरित की गई है।
LIVE: शबरी माता मंदिर, घाटीगाँव, जिला ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहनों के बैंक खातों में राशि का अंतरण एवं विभिन्न विकास कार्यों भूमि-पूजन व लोकार्पण#LadliBahnaMP https://t.co/oJGSHfBDks
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 13, 2026
प्रदेश सरकार अब योजना से जुड़ी महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें कौशल उन्नयन, रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इन कार्यों का हुआ भूमि-पूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव लाड़ली बहना सम्मेलन में ग्वालियर जिले के अंतर्गत लगभग 122 करोड़ लागत के 54 कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण हुआ। इनमें लगभग 62 करोड़ के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपये लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा जिन कार्यों का लोकार्पण किया उनमें लगभग 40 करोड़ की लागत से सांदिपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ का भवन और 9.11 करोड़ की लागत से डाडा खिरक तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर नव निर्मित उच्च स्तरीय पुल शामिल हैं। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी तथा ग्वालियर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में नव निर्मित सड़कें शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा जिन कार्यों का भूमि-पूजन किया उनमें आईएसबीटी के समीप 6.17 करोड़ की लागत से बनने जा रहे 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह एवं 12.16 करोड़ की लागत से अंबेडकर धाम के द्वितीय चरण में बाबा साहब के जीवन पर आधारित संग्रहालय का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न सड़कें, आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एनाटॉमी विभाग के लिए बनने जा रहे हॉल, छात्रावास व भितरवार में लगभग 4 करोड़ की लागत से बनने जा रहे नवीन शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण शामिल है।
सीएम यादव ने की ये घोषणा
- घाटीगांव में शबरी माता और भगवान देवनारायण धाम बनेगा।
- घाटीगांव, चिनोर और करैया में सांदीपनि विद्यालय खुलेंगे।
- भितरवार और घाटीगांव में आईटीआई केंद्र स्थापित होगा।
- आरोन-पटई उद्वहन सिंचाई परियोजना किसानों के जीवन को और अधिक खुशहाल बनाएगी।









