Logo
US-Iran War: इजरायली मीडिया का दावा है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध 9 अप्रैल तक समाप्त हो सकता है। शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बैठक की संभावना है। व्हाइट हाउस ने इसे संवेदनशील कूटनीति बताया है।

US-Iran War: इजरायल के प्रमुख समाचार पत्र 'येडिओथ अहरोनोथ' ने एक सरकारी अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि वॉशिंगटन ने युद्ध समाप्त करने के लिए 9 अप्रैल की तारीख तय की है। रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध विराम की यह योजना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्तावित इजरायल दौरे को ध्यान में रखकर बनाई गई है।

ट्रंप इसी महीने के अंत में इजरायल के स्वतंत्रता दिवस पर 'इजरायल पुरस्कार' (Israel Prize) प्राप्त करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस सम्मान समारोह से पहले ट्रंप युद्ध को समाप्त कर एक बड़ी कूटनीतिक जीत दर्ज करना चाहते हैं।

इस्लामाबाद में हो सकती है गोपनीय वार्ता
'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यस्थता कर रहे देश पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच एक ऐतिहासिक बैठक आयोजित करने की कोशिश कर रहे हैं। खबर है कि इस सप्ताह के अंत तक यह बैठक हो सकती है। इसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, शांति मिशन के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और पूर्व वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर के शामिल होने की चर्चा है। हालांकि, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कलिबफ ने इन खबरों को "फेक न्यूज" बताते हुए किसी भी संलिप्तता से इनकार किया है।

व्हाइट हाउस ने कहा- 'मामला बेहद संवेदनशील'
इन रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा कि फिलहाल कुछ भी ठोस नहीं कहा जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये कूटनीतिक चर्चाएं बेहद संवेदनशील हैं और अमेरिका प्रेस के माध्यम से बातचीत नहीं करेगा। लेविट ने कहा, "यह एक बदलती हुई स्थिति है, जब तक व्हाइट हाउस आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं करता, तब तक किसी भी बैठक को अंतिम नहीं माना जाना चाहिए।" उनके इस बयान ने शांति वार्ता की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज नहीं किया है, जिससे कयासों का बाजार गर्म है।

युद्ध में पांच दिनों का विराम
शांति वार्ता की इन अटकलों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही ईरान के ऊर्जा और बिजली केंद्रों पर हमलों को पांच दिनों के लिए रोकने की घोषणा कर दी है। ट्रंप ने कहा कि तनाव कम करने के उद्देश्य से की गई चर्चाएं "उत्पादक" रही हैं। वर्तमान में युद्ध समाप्त होने के लिए लगभग 21 दिन का समय बचा है, जिसमें युद्ध और बातचीत दोनों साथ-साथ चलने की उम्मीद है। यदि इस्लाबाद में वार्ता सफल रहती है, तो यह पश्चिम एशिया में पिछले कई हफ्तों से जारी रक्तपात को रोकने की दिशा में सबसे बड़ा कदम होगा।

7