Logo
Russia Ukraine War: 4 फरवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था। ताबड़तोड़ मिसाइलें दागी थीं। तब से अब तक 22 हजार से अधिक लोग हताहत हुए हैं। जबकि 5.1 मिलियन लोग विस्थापित हुए हैं।

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच 2 साल से जंग जारी है। 24 फरवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था। ताबड़तोड़ मिसाइलें दागी थीं। तब से अब तक 22 हजार से अधिक लोग हताहत हुए हैं। जबकि 5.1 मिलियन लोग विस्थापित हुए हैं। वहीं, 6.2 मिलियन लोग यूक्रेन से दूसरे मुल्क चले गए। फिलहाल यूक्रेन और रूस की जंग में एक विचित्र मोड़ पर आ गया है। यूक्रेनी सैनिक एक टोही ड्रोन की मदद से डिस्क के आकार का यूएफओ (अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट) देखने का दावा कर रहे हैं। जिसे युद्ध के मैदान में तैनात किया गया था।

डिस्क (तस्तरी) के आकार की अनोखी वस्तु को यूक्रेनी सैनिकों ने अपने कैमरे में कैद किया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को सबसे पहले एक्स पर @albafella नाम ये यूजर ने पोस्ट किया था, जो चल रहे युद्ध से संबंधित अपडेट पोस्ट करता रहता है।

28 फरवरी को सामने आया वीडियो
खुद को एक सैन्य और राजनीतिक ब्लॉगर होने का दावा करने वाले यूजर ने बुधवार, 28 फरवरी को कहा कि यूक्रेनी सैनिकों ने युद्ध क्षेत्र में एक अज्ञात डिस्क के आकार की वस्तु को फिल्माया। डेली मेल के मुताबिक, वीडियो को यूक्रेन की 406वीं बटालियन द्वारा 300 से अधिक हीट विजन क्वाडकॉप्टर ड्रोन का उपयोग करके कैप्चर किया गया था। ड्रोन का इस्तेमाल कीव की सेना द्वारा किया जा रहा है। जब सैनिकों की नजर इस रहस्यमयी वस्तु पर पड़ी तो यह वस्तु समुद्र तल से 500 फीट से अधिक ऊपर उड़ती हुई दिखाई दी।

वीडियो में सुना जा सकता है कि बटालियन का एक सदस्य पूछता है कि वह हम पर मिसाइलें क्यों नहीं दाग सकता? जिस पर दूसरे सैनिक ने कहा कि आपका क्या मतलब है? यह हिल क्यों नहीं रहा है? ड्रोन के जूम इन करने के बावजूद वस्तु स्थिर खड़ी दिखाई दी।

बटालियन के एक सदस्य ने कहा कि मैं आपको बता रहा हूं, यह निश्चित रूप से एक यूएफओ है। यह स्क्रीन पर अपनी जगह पर बना हुआ है। दूसरे ने कहा कि और जूम करें। यह अभी भी खड़ा है, क्या आप देखते हैं? थर्मल कैमरे पर कुछ भी नहीं दिख रहा है? फिलहाल हरिभूमि इस वीडियो की पुष्टि का दावा नहीं करता है।  

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ऐसे और भी दिखे नजारे
फरवरी 2022 में शुरू हुए रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान ऐसे कई रहस्यमयी दृश्य देखे गए हैं। जनवरी 2023 में रूस के दक्षिणी रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर वासिली गोलूबेव ने टेलीग्राम पर कहा कि लगभग डेढ़ मील की ऊंचाई पर हवा में उड़ती हुई एक गेंद के आकार की छोटी वस्तु की खोज की गई थी। उन्होंने कहा कि उसे खत्म करने का निर्णय लिया गया। हालांकि तब उन्होंने लोगों को सुरक्षा की गारंटी देकर शांत करा दिया था। 

यूक्रेन ने 54 फीसदी जमीन पर कब्जा वापस पाया
यूक्रेन ने कब्जे वाले क्षेत्र का 54% पुनः कब्जा कर लिया है। जबकि रूस अभी भी देश के 18% हिस्से पर काबिज है। रूस लगातार यूक्रेन के शहरों पर बमबारी कर रहा है और उसके बंदरगाहों को अवरुद्ध कर रहा है। उधर, यूक्रेन ने रूसी जहाजों और बुनियादी ढांचे पर ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। जनवरी 2022 से यूक्रेन को लगभग 350 बिलियन डॉलर की सहायता मिली है, जिसमें संयुक्त राज्य अमेरिका से 77 बिलियन डॉलर भी शामिल है।

5379487