haribhoomi hindi news
पीएम मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में डिजिटल अर्थव्यवस्था, रक्षा, साइबर सिक्योरिटी, कृषि और नवाचार समेत 16 महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। भारत का UPI पेमेंट सिस्टम अब इजराइल में भी लागू होगा।

यूरुशलम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल यात्रा ने दोनों देशों के बीच सामरिक और तकनीकी साझेदारी को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इस यात्रा को 'रिच और प्रोडक्टिव' करार देते हुए कहा कि यह पीएम की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह पश्चिम एशिया के देशों के साथ भारत के रिश्तों को सक्रिय रूप से मजबूत कर रहे हैं।

​प्रधानमंत्री मोदी और इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की बैठक में डिजिटल अर्थव्यवस्था को लेकर एक क्रांतिकारी समझौता हुआ है। अब इजराइल में भी भारत का UPI पेमेंट सिस्टम काम करेगा। इसके साथ ही पीएम मोदी ने घोषणा की कि भारत जल्द ही इजराइल के साथ 'फ्री ट्रेड एग्रीमेंट' (FTA) की प्रक्रिया को पूरा करेगा, जिससे दोनों देशों के व्यापारिक हित सुरक्षित होंगे।

​16 महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) पर हुए हस्ताक्षर
​प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच कुल 16 महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। ये समझौते विज्ञान, नवाचार, साइबर सिक्योरिटी, कृषि, जल प्रबंधन और रक्षा जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़े हैं। दोनों देशों ने अपने संबंधों को 'स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फॉर पीस, इनोवेशन एंड प्रॉस्पेरिटी' तक अपग्रेड करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

India-Israeli A new chapter for peace, innovation, and prosperity
विस्तृत और सार्थक वार्ता! PM मोदी ने इजरायल के PM नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय संबंधों के हर पहलू पर चर्चा की। शांति, इनोवेशन और समृद्धि के लिए नया अध्याय!
PM Narendra Modi with PM Benjamin Netanyahu
इजरायल के PM बेंजामिन नेतन्याहू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। 

​होलोकास्ट के 60 लाख यहूदी पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
​अपनी यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री यूरुशलम स्थित होलोकास्ट मेमोरियल 'यद वाशेम' पहुँचे। यहाँ उन्होंने हिटलर के नाजी शासन के दौरान मारे गए 60 लाख यहूदियों की याद में बने स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यद वाशेम स्मारक इजराइल की संसद द्वारा 1953 में इस ऐतिहासिक त्रासदी की याद में बनाया गया था।

​रक्षा, अंतरिक्ष और ऊर्जा क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग
​रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों ने भरोसेमंद सहयोग को और विस्तार देने पर सहमति जताई है। अब 'जॉइंट डेवलपमेंट', 'प्रोडक्शन' और 'टेक्नोलॉजी ट्रांसफर' पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा सिविल न्यूक्लियर एनर्जी और स्पेस सेक्टर में भी साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए संदेश दिया कि दुनिया में आतंकवाद की कोई जगह नहीं है।

​किसानों के लिए 'विलेज ऑफ एक्सीलेंस' की नई पहल
​कृषि के क्षेत्र में पहले से चले आ रहे सफल सहयोग को अब गांवों तक पहुँचाया जाएगा। इसके लिए 'विलेज ऑफ एक्सीलेंस' मॉडल तैयार किया जाएगा। भारत में इजराइल की मदद से संचालित 'सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस' की संख्या को बढ़ाकर 100 किया जाएगा, जिससे सीधे तौर पर किसानों की आय और उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।

​राष्ट्रपति इसाक हर्जोंग से मुलाकात और 'एक पेड़ मां के नाम'
​पीएम मोदी ने इजराइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोंग से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की, जहाँ उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत ओक का पौधा लगाया। राष्ट्रपति हर्जोंग ने भारतीय अर्थव्यवस्था की वैश्विक धमक की सराहना की और कहा कि पूरी दुनिया आज भारत की ओर देख रही है। पीएम मोदी ने उन्हें सप्रेम भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

​IMEC कॉरिडोर और युवाओं के लिए अकादमिक फोरम
​वैश्विक कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए दोनों नेताओं ने 'IMEC' और 'I2U2' जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की। युवाओं और शोधकर्ताओं को जोड़ने के लिए 'इंडिया-इजराइल अकादमिक फोरम' के गठन का भी निर्णय लिया गया, जो भविष्य की तकनीक और नवाचार के लिए साझा मंच प्रदान करेगा।

नेसेट मेडल पाने वाले पहले भारतीय बने पीएम मोदी
​भारत-इजराइल संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में उनके योगदान के लिए पीएम मोदी को इजराइली संसद के सर्वोच्च सम्मान 'स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल' से नवाजा गया। वह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। अपने संबोधन में पीएम ने इस सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों और दोनों देशों की अटूट दोस्ती को समर्पित किया।

7