Nepal Bus Accident: नेपाल के गण्डकी प्रांत में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी एक इलेक्ट्रिक माइक्रोबस गोरखा जिले में अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। इस हादसे में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मनकामना मंदिर से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, माइक्रोबस में कुल 16 लोग सवार थे जो प्रसिद्ध मनकामना मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। गोरखा जिले के जिला ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज अर्याल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। ये सभी भारतीय नागरिक थे जो पूजा-अर्चना के लिए नेपाल आए थे।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस अधिकारियों ने मृतकों की पहचान उजागर की है, जिनके नाम इस प्रकार हैं:
- मुथु कुमार (58)
- अनामलिक (58)
- मीनाक्षी (59)
- शिवगामी (53)
- विजयल (57)
- मीना (58)
- तमिलरसी (60)
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। 'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, सात घायल यात्रियों को रेस्क्यू कर आनबुखैरेनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर सुरक्षित है, जबकि उसका सहायक इस दुर्घटना में घायल हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। भारतीय दूतावास भी स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क बनाए हुए है।









