haribhoomi hindi news
Viral Video: दिल्ली की सड़क पर चलती ऑटो रिक्शा में एक युवक का स्टंट करना रास्ते से गुजर रहे एक साइकिल सवार की जान पर बन आया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Viral Video: सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के चक्कर में लोग कई बार अपनी जान जोखिम में डालते देखे जाते हैं। उनकी हरकत कई बार दूसरे लोगों के लिए भी परेशानी पैदा कर देती है। हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक का चलती ऑटो में स्टंट करना पास से गुजर रहे साइकिल सवार पर भारी पड़ गया। स्टंट के दौरान लगी टक्कर से साइकिल सवार नीचे गिर गया। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 

दिल्ली की सड़क पर हुआ स्टंट
सोशल मीडिया पर युवक का वायरल हुआ वीडियो नॉर्थ दिल्ली के सिग्नेचर फ्लायओवर पर बनाया जाना बताया जा रहा है। वीडियो में स्टंट के दौरान साइकिल सवार को युवक टक्कर मारता दिखाई दिया और इसके चलते ट्रैफिक वाली रोड़ पर साइकिल सवार नीचे गिर गया। इस पूरी घटना का एक बाइक सवार युवक द्वारा वीडियो बनाया जा रहा था। सोशल मीडिया पर वीडियो डाले जाने के बाद तेजी से वायरल हुआ। 

चलती ऑटो में स्टंट कर रहा था युवक
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में ऑटो पर सवार युवक स्टंट करता दिखाई दिया। फ्लायओवर पर ऑटो ड्रायवर गाड़ी को जहां लहराकर चला रहा था, वहीं युवक ऑटो के पाइप को पकड़कर स्टंट करता नजर आ रहा था। इस स्टंट का एक बाइक सवार हेलमेट के कैमरे से वीडियो बना रहा था। जब ऑटो एक साइकिल सवार के पास से गुजरा तो स्टंट करते हुए युवक को जोरदार टक्कर लगी और वह नीचे गिर गया। 

वीडियो को देख भड़के यूजर्स
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसे देखकर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है। युवक की इस हरकत पर उसे जमकर कोसा जा रहा है। वहीं वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने आरोपी ऑटो ड्रायवर शिवा को गिरफ्तार कर लिया है। वह गाजियाबाद का रहने वाला है और पूछताछ जारी है। 
 

7