बलरामपुर में इमरान नाम के युवक ने अपनी मंगेतर शालिमुनिश की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस अपराध में उसकी प्रेमिका सकीना और उसकी मां ने साथ दिया।

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के लालडीह हुसैनाबाद ग्रांट इलाके में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते एक 18 साल की युवती की हत्या का मामला सामने आया है।

आरोपी ने न केवल अपनी मंगेतर का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतारा, बल्कि पकड़े जाने के डर से शव पर केरोसिन डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी, उसकी प्रेमिका और प्रेमिका की मां को गिरफ्तार कर लिया है।

सगाई के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुआ 'अफेयर' 
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 18 वर्षीय शालिमुनिश के रूप में हुई है। शालिमुनिश की सगाई कुछ महीने पहले पड़ोसी जिले गोंडा के छपिया निवासी इमरान से हुई थी। सगाई के बाद इमरान सोशल मीडिया के जरिए 'सकीना' नाम की एक अन्य महिला के संपर्क में आया।

धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और इमरान अपनी मंगेतर को छोड़ सकीना के प्यार में पागल हो गया। जब शालिमुनिश को इमरान के इस अवैध संबंध की जानकारी मिली, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया, जिससे इमरान और सकीना ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

साजिश के तहत घर बुलाया और घोंट दिया गला 
मंगलवार को रची गई इस साजिश के तहत सकीना ने शालिमुनिश को बहाने से अपने घर बुलाया। वहां इमरान पहले से ही मौजूद था। जैसे ही शालिमुनिश घर पहुँची, इमरान और सकीना ने मिलकर उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने इस वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन जब उन्हें लगा कि वे पकड़े जा सकते हैं, तो उन्होंने सबूत मिटाने का खतरनाक रास्ता चुना।

सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया, पुलिस ने किया बेनकाब 
हत्या को अंजाम देने के बाद इमरान, सकीना और सकीना की माँ जैनब ने मिलकर शालिमुनिश के शव पर केरोसिन डाला और उसे आग लगा दी। आरोपियों का मकसद था कि शव जल जाए और सच्चाई कभी सामने न आ सके।

हालांकि, सूचना मिलते ही बलरामपुर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ही पुलिस को साजिश की बू आ गई थी। कड़ी पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज 
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी इमरान, उसकी प्रेमिका सकीना और उसकी माँ जैनब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।