haribhoomi hindi news
हमीरपुर में एक इंजीनियर ने पत्नी से अनबन और ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। 6 पेज के सुसाइड नोट में उसने माँ-भाई के लिए भावुक शब्द लिखे और माफी मांगी।

हमीरपुर थाना सुमेरपुर के इंगोहटा गांव निवासी आशीष उर्फ बीरू कुशवाहा, जो मध्य प्रदेश की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था, रविवार की रात अपने कमरे में सोने गया था।

सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला, तो उसकी मान राजेश्वरी उसे जगाने पहुँची। कमरे का नजारा देखकर मान की चीख निकल गई; आशीष सीलिंग फैन के फंदे से लटका हुआ था।

हैरानी की बात यह है कि आशीष ने रविवार को ही घर में नया सीलिंग फैन लगवाया था, जिसका उपयोग उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए किया।

​6 पेज का सुसाइड नोट: 'तलाक नहीं दे सकता, मर सकता हूं'

पुलिस को मृतक की जेब से 6 पन्नों का एक लंबा सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें आशीष ने अपनी पत्नी अंजलि के मायके चले जाने और ससुराल वालों द्वारा दी जा रही प्रताड़ना का विस्तृत जिक्र किया है।

उसने लिखा कि वह अपनी पत्नी से बेहद प्यार करता था और उसे तलाक देने के बारे में सोच भी नहीं सकता था, लेकिन परिस्थितियों ने उसे मरने पर मजबूर कर दिया। नोट में उसने साफ लिखा, "मैं तलाक नहीं दे सकता, मगर मर सकता हूँ।"

​मां से मांगी माफी, भाई को सौंपी जिम्मेदारी

आशीष ने अपनी आखिरी चिट्ठी में परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उसने माँ के लिए लिखा, "माँ, मेरी गलतियों को माफ कर देना। जो तुम चाहती थी, वो मैं कभी नहीं कर पाया।

तुमसे मुझे कोई शिकायत नहीं है, बस सब कुछ अब निभा नहीं सकता।" वहीं, छोटे भाई अभिषेक के लिए उसने लिखा कि वह अपना फर्ज नहीं निभा पाया और भाई के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी डालकर जा रहा है। उसने अपनी संपत्ति के बारे में भी निर्देश लिखे कि इसे किसी और को न दिया जाए।

​एक साल पहले हुई थी शादी, तभी से चल रहा था विवाद

परिजनों के अनुसार, आशीष का विवाह एक वर्ष पूर्व कुंडौरा गांव निवासी अंजलि से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई और अंजलि अपने मायके जाकर रहने लगी। आशीष उसे वापस लाने की कोशिश करता रहा, लेकिन ससुराल पक्ष के अड़ियल रवैये और मानसिक तनाव ने उसे गहरे डिप्रेशन में धकेल दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फील्ड यूनिट सुसाइड नोट की गहनता से जांच कर रही है।

7