Rajasthan road accident: राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर एक बेकाबू कार चढ़ गई। इस हादसे में 7 साल के मासूम की जान चली गई, जबकि कार चालक समेत 6 लोग घायल हो गए।
यह घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे रामदेवरा थाना क्षेत्र के नोखा चौराहे के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, वीरमदेवरा (रामदेवरा) की ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी।
हादसे में माहिर नाम के 7 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ बाबा रामदेव के दर्शन कर लौट रहा था। इस हादसे में उसकी मां ललिता, छोटे भाई रियान (2), विवान (3.5), सुमित्रा (32) और वर्षा (10) घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत रामदेवरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पोकरण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि कार चला रहे बंशीलाल (69), जो रामदेवरा के ही निवासी हैं, भी इस हादसे में घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के सामने अचानक एक गाय आ गई थी। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने गाड़ी को साइड में मोड़ा, लेकिन इसी दौरान कार ने नियंत्रण खो दिया और पहले बच्चे को कुचल दिया, फिर अन्य श्रद्धालुओं से टकराते हुए पास में लगे टीन शेड के पोल से जा भिड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु पाली जिले के रहने वाले थे और बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।










