राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद अब गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज कुछ शहरों में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना काफी कम है।
इसी के साथ आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। अगले सप्ताह कुछ शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्मी
शुक्रवार को बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 39°C तक पहुंच गया। इसके अलावा जोधपुर, जैसलमेर और जालोर जैसे शहरों में भी तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखी गई। तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर साफ नजर आया।
जयपुर समेत कई शहरों में तेज धूप
राजधानी जयपुर में भी दिनभर तेज धूप रही, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी जिलों में भी तापमान बढ़ा है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान करीब 33°C तक दर्ज किया गया।
बीकानेर संभाग में छा सकते हैं बादल
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 11 अप्रैल को एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी और चूरू के आसपास आसमान में बादल छाने की संभावना है। हालांकि, इस सिस्टम का असर बहुत ज्यादा नहीं होगा और बारिश होने के आसार कम हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।