haribhoomi hindi news
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के ताजा अपडेट के अनुसार, आज से राज्य में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है।

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले कई दिनों से चल रहा आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला अब थमने लगा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के ताजा अपडेट के अनुसार, आज से राज्य में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। इसका मतलब है कि अब दिन में तेज धूप निकलेगी और गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर देगी।

पिछले 20 दिनों में बदले मौसम की वजह से अप्रैल में भी लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा था। आमतौर पर इस समय तक तेज गर्मी पड़ने लगती है, लेकिन इस बार तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री तक नीचे रिकॉर्ड किया गया। सुबह और शाम की ठंडक ने लोगों को राहत जरूर दी, लेकिन अब यह दौर खत्म होने जा रहा है।

अगर पिछले 24 घंटों की बात करें तो अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, झुंझुनूं, अलवर, करौली और फलोदी जैसे इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। करौली के टोडाभीम में 4 मिमी, अलवर के बानसूर और बहरोड़ में 2-2 मिमी, झुंझुनूं के सुजानगढ़ और बुहाना में भी 2-2 मिमी बारिश हुई। वहीं, फलोदी के लोहावट में 5 मिमी और जयपुर के पास कोटपूतली में 2 मिमी पानी गिरा।

बारिश का असर जयपुर को पानी सप्लाई करने वाले बीसलपुर बांध पर भी देखने को मिला है। लगातार बारिश के कारण बांध में पानी की आवक बढ़ी है और जलस्तर अब 314.51 आरएल मीटर तक पहुंच गया है। खास बात यह है कि पिछले साल इसी तारीख पर यह स्तर 313.56 आरएल मीटर था, यानी इस बार करीब 16.94 प्रतिशत ज्यादा पानी मौजूद है।

हालांकि, अब मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और दौसा जैसे इलाकों में धूप निकलने से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाड़मेर में सबसे ज्यादा 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। यानी अब लोगों को फिर से गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।

7