haribhoomi hindi news
पिछले 24 घंटों में जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, दौसा, अलवर, नागौर, टोंक, भरतपुर और धौलपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई।

जयपुर। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार इस सिस्टम का असर 8 अप्रैल तक बना रहेगा, जबकि इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है।

मंगलवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर सहित कई जिलों में एक इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में तेज आंधी के साथ ओले भी गिरे। नागौर, चूरू और हनुमानगढ़ में 40 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से हवाएं चलीं।

राजधानी जयपुर में मंगलवार रात करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जबकि तापमान में करीब 7 डिग्री तक की गिरावट देखी गई। प्रदेश में चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सीकर के फतेहपुर में सबसे कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों में जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, दौसा, अलवर, नागौर, टोंक, भरतपुर और धौलपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई।

लगातार बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान हुआ है। गेहूं और इसबगोल जैसी तैयार फसलें प्रभावित हुई हैं। कई जगह खेतों में पानी भर गया है, वहीं मंडियों में रखी फसल भी भीग गई है।

आगे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में भरतपुर और जयपुर संभाग के उत्तरी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। विभाग का कहना है कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह से गर्मी तेज होने लगेगी और मई-जून में अच्छी खासी गर्मी पड़ने के आसार हैं।

7