haribhoomi hindi news
Jaipur Hit and Run: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 'हिट एंड रन' के बाद बवाल मच गया। गुस्साए लोगों ने मंगलवार (8 अप्रैल) को हंगामा किया। आरोपी ड्राइवर के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

Jaipur Hit and Run: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 'हिट एंड रन' के बाद बवाल मच गया। गुस्साए लोग मंगलवार (8 अप्रैल) को सड़क पर उतर आए। मृतकों के परिवार के साथ लोगों ने हंगामा किया। टायर जलाकर विरोध जताया। आरोपी ड्राइवर के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। लोगों का कहना है कि ड्राइवर को उनके हवाले सौंप दिया जाए। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाइश दे रही है। 

आगे की जांच जारी
अतिरिक्त डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने कहा कि आरोपी उस्मान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे में था। घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और 6 घायल हो गए। 6 घायलों में से 3 को छुट्टी दे दी गई है और 3 को अस्पताल में भर्ती कराया है। उनकी हालत सामान्य है। आरोपी की कार बरामद कर ली गई है। आगे की जांच जारी है। आरोपी मेडिकल उपकरणों का कारोबार करता है और कार उसकी कंपनी की थी।

9 लोगों को कुचला 
शास्त्री नगर निवासी उस्मान खान (62) ने नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में संतोष माता मंदिर के पास SUV कार तेज रफ्तार दौड़ाई। नशे में धुत फैक्ट्री मालिक ने तेज रफ्तार कार दौड़ाकर पैदल और गाड़ी सवार 9 लोगों को कुचल दिया। कार से पहले स्कूटी-बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए भाग गया। आरोपी ने थाने के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी टक्कर मारी है।

तीन की मौत 
हादसे में वीरेंद्र सिंह (48), ममता कंवर (50), मोनेश सोनी (28), मोहम्मद जलालुद्दीन (44), दीपिका सैनी (17), विजय नारायण (65), जेबुन्निशा (50), अंशिका (24) और अवधेश पारीक (37) घायल हुए। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने ममता कंवर और अवधेश को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह घायल वीरेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। ममता कंवर और वीरेंद्र सिंह भाई-बहन थे।

कांग्रेस का जिला उपाध्यक्ष था उस्मान 
पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी ड्राइवर उस्मान खान कांग्रेस का जिला उपाध्यक्ष था। घटना के बाद मंगलवार सुबह जिला अध्यक्ष आर आर तिवाड़ी ने उस्मान को जिला कार्यकारिणी से निष्कासित कर दिया। उस्मान खान के खिलाफ मृतक महिला ममता कंवर के पिता ने FIR दर्ज कराई है।

7