महाराष्ट्र के वर्धा में ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस की एक बोगी में आग लग गई। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत ट्रेन रोककर प्रभावित कोच को अलग किया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। जानें पूरी खबर।

GT Express Train Fire News: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार सुबह नई दिल्ली से चेन्नई जा रही Grant Trunk Express के एक कोच में आग लगने की घटना सामने आई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

मध्य रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले के अनुसार, सुबह करीब 11:09 बजे ट्रेन के सबसे आखिरी गार्ड कोच (एसएलआर बोगी) से धुआं निकलता देखा गया। उस समय ट्रेन नागपुर से रवाना होकर सिंदी रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही आग की सूचना मिली, ट्रेन को तुरंत सिंदी-तुलजापुर सेक्शन के बीच रोक दिया गया।

सतर्कता से टला बड़ा हादसा
धुआं देखते ही रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की। आग को पूरी ट्रेन में फैलने से रोकने के लिए प्रभावित कोच को बाकी ट्रेन से तुरंत काटकर अलग कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में घबराहट फैल गई थी, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने समय रहते घोषणा कर सभी को सुरक्षित होने का भरोसा दिलाया।

सभी यात्री सुरक्षित, जांच के आदेश
रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रभावित कोच के यात्रियों सहित पूरी ट्रेन के सभी मुसाफिर पूरी तरह सुरक्षित हैं। बोगी को अलग करने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना करने की तैयारी शुरू कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि यात्री सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

हादसे के कारणों की होगी विस्तृत पड़ताल
कोच में आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। रेलवे ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। तकनीकी टीम अब अलग किए गए कोच की गहनता से जांच करेगी ताकि यह पता चल सके कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई और तकनीकी खामी थी।

फिलहाल ट्रैक को साफ कर दिया गया है और ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस बिना उस बोगी के चेन्नई के लिए अपनी आगे की यात्रा जारी रखेगी।