Mumbai Hit-And-Run Case: हिट-एंड-रन केस का मुख्य आरोपी मिहिर शाह को कोर्ट ने रिमांड पर भेजा, 16 जुलाई तक मिली कस्टडी

BMW hit-and-run case
X
BMW hit-and-run case
Mumbai Hit-And-Run Case: बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले का मुख्य आरोपी मिहिर शाह को मुंबई की अदालत ने 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मिहिर शाह को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।

Mumbai Hit-And-Run Case: मुंबई के वर्ली इलाके में हुए हिट एंड रन मामले में आरोपी मिहिर शाह को मुंबई की अदालत ने 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले मिहिर शाह को बीते दिन (मंगलवार) गिरफ्तार किया गया था। शाह ने कथित तौर पर शराब के नशे में लग्जरी कार चलाई। उसने कार से एक दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, जिससे 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। आरोपी रविवार सुबह 5.30 बजे हुई दुर्घटना के बाद से फरार था।

दोषी को बख्शा नहीं जाएगा-सीएम शिंदे
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि विपक्ष सिर्फ आरोप लगाता है, आरोप लगाने के अलावा उनके पास कुछ है ही नहीं। मैंने निर्देश दिए हैं कि हिट एंड रन मामले में दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

आरोपी के पिता राजेश शाह को पार्टी से सस्पेंड करने पर सीएम शिंदे ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़िता का साथ देना प्राथमिकता होनी चाहिए।

पिता ने बेटे को भगाने में सक्रिय भूमिका निभाई
एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि मिहिर को मुंबई के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मिहिर के पिता राजेश शाह ने अपने बेटे को भगाने में सक्रिय भूमिका निभाई और वारदात में शामिल वाहन को वहां से हटाने की भी साजिश रची। पुलिस ने मिहिर को पकड़ने के लिए 11 टीम गठित करने के साथ अपराध शाखा को भी जांच में शामिल किया था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया था।

मेरी मां को न्याय मिलना चाहिए
पीड़िता कावेरी नखवा की बेटी अमृता नखवा ने कहा कि मेरी मां को न्याय मिलना चाहिए। मैं चाहती हूं कि उन्हें (मिहिर शाह) को मौत की सजा मिले। मेरी मां बहुत दर्द में थी, मैंने अस्पताल में अपनी आँखों से देखा है।

रविवार सुबह दंपत्ति को मारी थी टक्कर
बता दें कि रविवार सुबह मुंबई के वर्ली इलाके में एक तेज रफ्तार BMW कार ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला कार के साथ काफी दूरी तक घिसटती चली गई। वहीं, मृतका का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वह रविवार सुबह 5.30 बजे हुई दुर्घटना के बाद से फरार था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story