एक शादी ऐसी भी: सात फेरे लेने से पहले धरने पर क्यों बैठे दूल्हा-दुल्हन, आखिर बारात में ऐसा क्या हुआ, जानें

Protest Before marriage
X
ढाई घंटे तक धरने पर बैठने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस।
Protest Before marriage: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में हैरान करने वाली घटना हुई। बारातियों के साथ हुई मारपीट से नाराज दूल्हा-दुल्हन थाने के सामने धरने पर बैठ गए। ढाई घंटे बाद पुलिस ने सुनवाई की। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच दूल्हा-दुल्हन के फेरे कराए गए। 

Protest Before marriage: डीजे की धुन पर नाचते-गाते बाराती दुल्हन के घर की ओर बढ़ रहे थे। कुछ लोगों ने डीजे और आतिशबाजी से पशुओं के बिदकने की बात कहकर मारपीट कर दी। बारातियों से हुई मारपीट के बाद दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेने से पहले कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस चौकी के सामने धरने पर बैठ गए। भीषण गर्मी में ढाई घंटे तक धरने पर बैठने के बाद पुलिस ने सुनवाई की। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन के साथ धरने पर बैठे घराती और बराती वहां से हटने को राजी हुए। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच दूल्हा-दुल्हन के फेरे कराए गए। मामला शिवपुरी के सुजावनी गांव का है।

जानें पूरा मामला
दतिया के जिगना थाना क्षेत्र के उदगवा गांव से ब्रजेश जाटव की बारात शुक्रवार को शिवपुरी के पिछोर तहसील के सुजावनी गांव आई थी। रात में डीजे की धुन पर बाराती नाचते-गाते दुल्हन के घर की ओर बढ़ रहे थे। बारात गांव के पाल समाज के मोहल्ले से होकर गुजर रही थी। पाल समाज के लोगों ने डीजे और आतिशबाजी से पशुओं के बिदकने की बात कहकर बारातियों से झगड़ा कर लिया। झगड़े में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। बारात में चल रहे वाहनों में तोड़फोड़ की। बारातियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को दूल्हा-दुल्हन थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। ढाई 2 घंटे तक दूल्हा-दुल्हन के साथ घराती-बराती धरने पर बैठे रहे। पुलिस ने FIR दर्ज की तब मामला शांत हुआ।

बारातियों का आरोप
धरने पर बैठे बारातियों का आरोप है कि कुछ लोग बारात में आए और डीजे बंद करने को लेकर दबाव बनाने लगे। डीजे बंद नहीं किया, दूल्हे ब्रजेश जाटव के ऊपर धूल-मिट्टी फेंक दी। इतना ही नहीं लोग लाठी-डंडे लेकर आए और बारातियों के साथ मारपीट करने लगे। लोगों ने दूल्हे को भी घोड़ी से उतार कर उसे बेज्जियत किया।

पाल समाज का आरोप
पाल समाज के लोगों ने बारातियों पर आरोप लगाए कि बारात में आतिशबाजी चलाई जा रही थी। इससे उनके मवेशियों में भगदड़ मच थी। जब बारातियों से आगे जाकर आतिशबाजी चलाने की बात कही गई तो बारातियों ने मारपीट करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने दोनों पक्षाओं की ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू
झगड़े के बाद पाल समाज के लोगों ने रात में ही पिछोर थाना पहुंचकर दूल्हा पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया था। एफआईआर होने की जानकारी दूल्हा-दुल्हन पक्ष को सुबह लगी। इसके बाद बाराती और घराती दूल्हा-दुल्हन को लेकर शनिवार की सुबह हिम्मतपुर पुलिस चौकी पर पहुंचे। दूल्हा ब्रजेश जाटव दुल्हन प्रियंका को चौकी के सामने कुर्सी पर बैठाकर धरना शुरू कर दिया। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन ब्रजेश और प्रियंका ने क्रॉस एफआइआर करवाई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story