इंदौर के नरसीमुंजी कॉलेज (NMIMS) में वैलेंटाइन डे कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद हो गया। बजरंग दल से जुड़े लोगों ने कॉलेज पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया, हनुमान चालीसा का पाठ किया और नारेबाजी की।

मध्यप्रदेश। इंदौर के नरसी मोंजी कॉलेज में वेलेंटाइन डे मनाने पर विवाद हो गया। कॉलेज में बजरंग दल से जुड़े लोगों ने जमकर तोड़फोड़ और नारेबाजी की। नरसी मोंजी के बाहर बजरंग दल के लोगों ने हनुमान चालीसा भी पड़ी। बजरंग से जुड़े लोगों ने कहा कि, वेलेंटाइन डे के नाम पर अश्लीलता फैलाई जा रही है। आरोप है कि, तोड़फोड़ के अलावा कॉलेज के बच्चों को धमकाया भी गया है।

हनुमान चालीसा का पाठ
दरअसल इंदौर के नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (Narsee Monjee Institute of Management Studies) में वैलेंटाइन वीक के मौके पर 12 फरवरी यानी आज शाम 5 बजे एक कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसकी सूचना जैसे ही बजरंग दल के लोगों को मिली वे विरोध करने कैंपस पहुंच गए। विरोध करते हुए इन लोगों ने पहले तो हनुमान चालीसा का पाठ किया इसके बाद नारेबाजी भी की। तोड़फोड़ करते हुए बजरंग दल के लोगों ने जय श्री राम के नारे भी लगाए।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरे विवाद से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया के जरिये सामने आये हैं। बजरंग दल से जुड़े लोगों का कहना है कि, इस कार्यक्रम में हिन्दू युवतियों के साथ दूसरे समुदाय के लोग भी मौजूद थे। इसलिए वे विरोध करने पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जब विवाद बढ़ा तो पुलिस को मामले की सूचना दी गई। डीसीपी के अनुसार, हिन्दू संगठन से जुड़े लोगों ने कॉलेज में तोड़फोड़ और नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को कैंपस के बाहर निकाला और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।