Logo
मुरैना के NH-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं और एक 2 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक फरार है और पुलिस जांच में जुटी है।

मध्यप्रदेश। मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। बताया जा रहा है कि, एनएच-44 पर दाल मिल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके चलते मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्ची समेत दो महिलाएं शामिल हैं जो रिश्ते में सास-बहु लगतीं हैं।
दुर्घटना के बाद आरोपी ड्राइवर फरार हो गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया।

हिंगोना गांव के रहने वाले हैं मृतक
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची है। हाइवे जाम करने वाले लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। यह जानकारी भी सामने आई है कि, मृतक हिंगोना गांव के रहने वाले हैं। बाइक से धौलपुर होते हुए मुरैना जा रहे थे। तभी दाल मिल बायपास के पास तेज रफ्तार ट्रक आया और बाइक से टकरा गया।

मौके पर ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि, दोनों महिलाओं समेत बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक मृतका के ससुर द्वारा चलाई जा रही थी। उन्हें गंभीर चोट आई है। इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। आक्रोशित भीड़ पुलिस से आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार करने की मांग कर रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी भीड़ को समझाने की कोशिश कर रहे थे।

इन लोगों की हुई मौत
रामरती पत्नी रामबरन (45 वर्ष)
पूनम पत्नी दिलीप जाटव (25 वर्ष)
काव्य पुत्री दिलीप जाटव (2 वर्ष)

5379487