उज्जैन। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उजैन पहुंचे। उनके साथ प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर और फिल्म अभिनेत्री निधि अग्रवाल भी बाबा महाकाल के दरबार में मत्था टेकने आईं। तीनों ने मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मंदिर परिसर में आयोजित संध्या आरती में भाग लिया। मंदिर पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया।
उज्जैन आने से मिलती है शांति
मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने उज्जैन शहर के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन को प्राचीन समय में अवंतिका नगरी के नाम से जाना जाता है और यहां के राजा स्वयं महाराजाधिराज बाबा महाकाल माने जाते हैं। उनके अनुसार भगवान महाकाल की कृपा से उन्हें कई बार इस पवित्र नगरी में आने का अवसर मिला है और हर बार यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा विकसित किए गए महाकाल लोक की भी खुलकर प्रशंसा की।
महाकाल परिसर अद्भुत और आकर्षक
केशव मौर्य ने कहा कि हाल के सालों में जिस तरह से इस परिसर का विकास किया गया है, वह वास्तव में अद्भुत और आकर्षक है। यहां की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक को देखकर यह स्पष्ट होता है कि देश में धार्मिक स्थलों के विकास को गंभीरता से लिया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने देश के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। काशी विश्वनाथ धाम का स्वरूप भी दिव्य हो गया है।
मथुरा-वृंदावन में भी विकास कार्य जारी
उन्होंने बताया कि मथुरा और वृंदावन में भी लगातार विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विंध्यवासिनी मंदिर में कॉरिडोर का निर्माण किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने प्रयागराज में हाल ही में संपन्न कुंभ मेले का भी उल्लेख किया और बताया कि वहां करोड़ों श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाई। अंत में उन्होंने कहा कि उन्हें महाकाल मंदिर की संध्या आरती में पहली बार शामिल होने का अवसर मिला, जो उनके लिए बेहद विशेष और यादगार अनुभव रहा।