Ujjain News: मध्यप्रदेश। उज्जैन के सांदीपनी राष्ट्रीय वेदविद्या संस्थान में टीचर द्वारा एक छात्र को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक टीचर, छात्र को बेरहमी से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। पास बैठे ही किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाया। बताया जा रहा है कि, छात्र की पिटाई बिस्तर पर सोने को लेकर हुई थी।
घटना 15 मार्च की है। शिक्षक की पहचान दत्तदास शेवड़े के रूप में हुई है। सांदीपनी राष्ट्रीय वेदविद्या संस्थान, भारत सरकार के अधीन है। संस्थान की ओर से मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। वीडियो में टीचर के अलावा कुछ अन्य टीचर भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि किसी ने भी छात्र को बचाने की कोशिश नहीं की।
बता दें कि, सांदीपनी वेदविद्या संस्थान में लगभग 75 छात्र वेद संस्कृत की शिक्षा ले रहे हैं। देश के अलग-अलग शहरों से छात्र यहां आते हैं। संस्थान के अंदर ही हॉस्टल की सुविधा भी है। यहां किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं है। वीडियो पर प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है।
संस्थान में अनुशासन को काफी अहम माना जाता है। छात्रों को ब्रह्म मुहूर्त में उठना पड़ता है। इसके बाद संध्यावंदन किया जाता है। छात्रों को अनुशासन में रखने की जिम्मेदारी वार्डन की होती है। दत्तदास शेवड़े के पास वार्डन की जिम्मेदारी भी है।
तुरंत गिरफ्तारी की मांग
एमपी कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, आपके विधानसभा क्षेत्र के इस हैवान पर कारवाई कब तक? महर्षि सांदीपनि वेद विद्या संस्थान में मासूमों पर यह अत्याचार अक्षम्य है! यदि अब भी आप और आपकी सरकार कार्रवाई नहीं करे तो मान लीजिएगा कि संवेदना और साहस दोनों समाप्त हो चुके हैं! एक मासूम को तालिबानी सजा देने वाले इस व्यक्ति की तुरंत गिरफ्तारी होना चाहिए।
देखिए वीडियो