Singrauli News: मध्यप्रदेश। सिंगरौली के माडा थाना क्षेत्र में शनिवार को हंगामा हो गया। यहां के निजी पावर प्लांट में एक मजदूर की मौत हो गई इसके बाद अन्य श्रमिकों ने प्लांट के अंदर तोडफोड़ कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
झारखंड का रहने वाला था मजदूर
बताया जा रहा है कि, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। मृतक मजदूर की पहचान लल्लन सिंह के रूप में हुई है। शुक्रवार रात अचनाक उसकी तबियत खराब हुई और उसकी मौत हो गई। लल्लन सिंह झारखंड के गढ़वा का रहने वाला था। लम्बे समय से वह इस प्लांट में काम कर रहा था
हार्ट अटैक से हुई मौत
लल्लन सिंह की मौत की खबर मजदूरों तक पहुंची तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अधिकारियों ने मामले की जांच की और बताया है कि, लल्लन सिंह को हार्ट अटैक आ गया था। इसी के कारण उनकी मौत हुई। शव को ट्रामा सेंटर में रखवाया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इन्तजार है।
कलेक्टर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्लांट में आगजनी की भी खबर सामने आई जिसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि मजदूरों द्वारा कंपनी के अधिकारियों की गाड़ी और चौकी प्रभारी की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। प्लांट के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया तो दमकल की गाड़ियां भी बुलाई गई। पुलिस बल और मजिस्ट्रेट मौके पर तैनात हैं। बातचीत कर श्रमिकों को शांत करने का प्रयास जारी है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच का आश्वासन भी दिया गया है।
कंपनी की असंवेदनशीलता से नाराज मजदूर
अधिकारियों के दावों से उलट कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मैकेनिकल कार्य के दौरान मजदूर ऊंचाई से गिर गया और उसकी मौत हो गई। कंपनी के मैनेजमेंट ने शव को छिपाने की भी कोशिश की - ऐसे आरोप मजदूरों ने लगाए। मैनेजमेंट की असंवेदनशीलता के कारण मजदूर भड़क गए।