Logo
प्रदेश में धार जिले के बाग कस्बे में बदमाशों ने आयकर अधिकारी बनकर ठेकेदार के घर फर्जी छापा मारा। आरोपियों ने परिवार को कमरे में बंद कर 50 तोला सोना और लाखों रुपए नकद लेकर फरार हो गए।

धार। जिले के बाग कस्बे में एक ऐसी घटना सामने आई है जो बॉलीवुड फिल्म स्पेशल 26 की कहानी पर आधारित लगती है। इस मामले में कुछ बदमाश खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर पहुंचे और जांच के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करके फरार हो गए। आरोपियों ने चालाकी से घरवालों का भरोसा जीता, फिर उन्हें कमरे में बंद कर सोने के जेवर और नकदी लेकर भाग निकले। जानकारी के मुताबिक बाग क्षेत्र में रहने वाले ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर करीब 5 लोग पहुंचे। वे एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो गाड़ी से आए थे। 

खुद को बताया आयकर अधिकारी
उन्होंने खुद को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्हें घर में जांच करनी है। शुरू में परिवार के लोगों को शक हुआ और उन्होंने उनसे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने बहाना बनाते हुए कहा कि उनकी टीम की बाकी गाड़ियां भी रास्ते में हैं और पूरी टीम आने के बाद औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद उन लोगों ने घर के अंदर फाइलें देखने और दस्तावेज जांचने का नाटक शुरू कर दिया, जिससे परिवार को लगा कि सच में कोई सरकारी कार्रवाई चल रही है। 

घर के लोगों को एक कमरे में बंद किया
थोड़ी देर बाद नाटक करने के बाद उन्होंने अलमारी की चाबियां मांगी और कहा कि घर में रखे गहनों और नकदी का रिकॉर्ड बनाना जरूरी है। इस दौरान वे रजिस्टर में कुछ लिखते भी रहे ताकि माहौल असली जांच जैसा लगे। जब उन्हें पूरा भरोसा हो गया कि परिवार उनकी बातों में आ गया है, तब उन्होंने असली चाल चली। बदमाशों ने घर के मालिक, उनकी पत्नी और काम करने वाली महिला को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वे अलमारी से करीब 50 तोला सोने के जेवर, लगभग चार लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए। 

मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच  
जब काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई तो किसी तरह कमरे से निकलकर परिवार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित राजकुमार मालवीय का कहना है कि जब लोग घर आए तो उन्होंने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया था। उन्होंने पहचान पत्र मांगने पर टालमटोल की और जांच के नाम पर घर में घुस गए। बाद में अचानक उन्हें और उनकी पत्नी को कमरे में बंद कर दिया और सारा सामान लेकर भाग निकले। बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला पहले से योजना बनाकर की गई लूट का लग रहा है।  

7