Logo
रायपुर जिले के टिकरापारा क्षेत्र स्थित न्यू बस स्टैंड भाठागांव से चोरी हुई 10 लाख रुपये कीमत की बस के मामले में पुलिस ने आरोपी मनबोध रात्रे उर्फ टेटू को गिरफ्तार किया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में न्यू बस स्टैंड भाठागांव से चोरी हुई बस के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बस चोरी करने वाले आरोपी मनबोध रात्रे उर्फ टेटू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की बस बरामद कर ली गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, डुमतराई निवासी अब्दुल अलीम, जो बस ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं, इन्होंने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि, उनकी देखरेख में संचालित बस CG 07 E 0782 को 6 मार्च 2026 की शाम चालक ने नया बस स्टैंड भाठागांव में खड़ी की थी। चालक बस की चाबी ड्राइवर की सीट के नीचे रखकर रात में घर चला गया। अगले दिन 7 मार्च की सुबह जब वह बस स्टैंड पहुंचा तो बस वहां से गायब थी।

qऐसे हुई पुलिस की जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की गई।

कोरबा जिले का निवासी है आरोपी टेटू 
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति बस को स्वयं चलाकर ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज और बस में लगे फास्टैग के टोल डेटा का भी विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू (24) निवासी गेवरा बस्ती, जिला कोरबा के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले से किया गिरफ्तार
पुलिस टीम को सूचना मिली कि, आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम तरौंद में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भाठागांव बस स्टैंड में हेल्पर का काम करता है और बसों की गतिविधियों से परिचित था। घटना वाले दिन उसने देखा कि बस में कोई नहीं है और चाबी सीट के नीचे रखी है। मौके का फायदा उठाकर उसने बस की चाबी उठाई और बस लेकर फरार हो गया।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बस बरामद कर ली है और उसके खिलाफ थाना टिकरापारा में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, एसआई मंगलेश्वर सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक गुरूदयाल सिंह, आरक्षक राकेश सोनी, तुकेश निषाद, भूपेन्द्र मिश्रा, अजय चौधरी तथा टिकरापारा थाना से उपनिरीक्षक बालेश्वर लहरे, अरुण ध्रुव और दया शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

7