haribhoomi hindi news
सीहोर में भीषण गर्मी के बीच जल संकट गहराया। 12 गांवों की महिलाएं खाली बर्तन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं, धूप में एक महिला बेहोश हुई।

सीहोर। भीषण गर्मी के चलते जिले के दूरस्थ इलाकों में जल संकट की स्थिति हो गई है। मंगलवार को सीहोर कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान महिलाएं पानी की समस्या लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि, 12 गांव की महिलाएं खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची थी।

इन महिलाओं ने सिर पर खाली बर्तन रखते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च किया। तेज धूप के कारण एक महिला की तबियत बिगड़ गई और वो बेहोश हो गई। उसके साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने उसे उठाकर पानी पिलाया। जिसके बाद महिला की तबियत ठीक हुई।

पाइपलाइन से स्थायी जलापूर्ति की मांग
जानकारी के अनुसार, महिलाओं द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है। इन महिलाओं की मांग है कि, गांव में पानी की व्यवस्था करवाई जाए और नए बोर उत्खनन पर भी रोक लगाइ जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए पानी आपूर्ती के वैकल्पिक साधन भी गांव में उपलब्ध कराए जाने चाहिए। महिलाओं ने पाइपलाइन से स्थायी जलापूर्ति जैसी मांग भी की है।

गांवों में कई जलस्त्रोत सूखे
कलेक्ट्रेट परिसर में खाली बर्तन लेकर पहुंची महिलाओं का कहना है कि, गांवों में कई जलस्त्रोत सूख चुके हैं। बोर खोदे जाने से जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। इन समस्याओं पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।

उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रशासन द्वारा महिलाओं का ज्ञापन स्वीकार करके जलआपूर्ति का आश्वासन दिया गया है। इधर महिलाओं का कहना है कि, यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगी।

7