Gurugram Bulldozer Action: गुरुग्राम प्रशासन ने इन दिनों अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार एक्शन लेते हुए नजर आ रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने गुरुवार को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और गुरुग्राम सेक्टर-57 में सरकारी जमीन पर बनी 300 से ज्यादा झुग्गियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। वहीं ऐसा भी बताया जा रहा है कि इन झुग्गियों के आस-पास के गांवों के रहने वाले लोग यहां आकर लोगों से अवैध वसूली करने का काम करते थे।
कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा इस जमीन पर कब्जा करने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि सोमवार को लगभग 11 बजे के आसपास हरियाणा विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी अनुपमा मालिक के निर्देश पर तोड़फोड़ का दस्ता गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर शराब के ठेके पास पहुंचा। जहां ठेके के पीछे की तरफ एक एकड़ जमीन पर लगभग 100 झुग्गियां बनी हुईं थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्रवाई को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के उपमंडल अधिकारी सर्वे अमित वशिष्ठ के नेतृत्व में किया गया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान लोगों ने इसका विरोध भी किया लेकिन प्रशासन ने इसके बाद भी एक घंटे में सभी झुग्गियों को मलबे में तब्दील कर दिया। प्रशासन का कहना है कि दो दिन पहले ही हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की तरफ से झुग्गियों को खाली करने की लोगों को सूचना दी गई थी।
इसके बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो ज्यादातर झुग्गियां खाली हो चुकी थीं। इस दौरान किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया था। तोड़फोड़ का दस्ता सेक्टर-57 में लोटस वैली स्कूल के पास पहुंचा। स्कूल के सामने करीब दो एकड़ जमीन पर लगभग दो सौ अवैध झुग्गियां बनी हुईं थी। बताया जा रहा कि एचएसवीपी के बुलडोजर ने इन दो सौ झुग्गियों को लगभग 2 घंटे में मलबे में तब्दील कर दिया। इस दौरान जेई रामपाल आर्य, विकास सैनी, मौईन खान और गौरव यादव मौजूद रहे।










