Rewa Gas Cylinder News: मध्य प्रदेश के रीवा शहर में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर के कई गैस गोदामों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे लोगों को सिलेंडर लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा भीड़ अजगरहा स्थित गैस गोदाम में देखने को मिली, जहां उपभोक्ताओं की करीब 1 किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। वहीं मैदानी इलाके में भी बड़ी संख्या में लोग सुबह से सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े नजर आए।
प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। शहर के विभिन्न एलपीजी गैस गोदामों में राजस्व और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि वितरण प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके।
दलालों से सावधान रहने की अपील
रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर को लेकर कालाबाजारी करने वाले दलालों के झांसे में न आएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि फील्ड में सक्रिय रहकर शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें।
सुबह 8 बजे से अधिकारियों की तैनाती
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, नियुक्त राजस्व अधिकारी रोजाना सुबह 8 बजे से अपने-अपने गैस गोदामों में मौजूद रहेंगे। उनके साथ पांच कर्मचारियों की टीम भी तैनात की गई है।
ये अधिकारी गैस सिलेंडरों की निकासी, वितरण और स्टॉक की निगरानी करेंगे। साथ ही गैस की आवक और वितरण से जुड़ी जानकारी रोजाना उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली को व्यवस्थित करना और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।