पोल्ट्री फार्म की आड़ में संचालित अवैध लैब पर दबिश देकर पुलिस ने 175 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ, 200 ग्राम तैयार एमडीएमए, गैस सिलेंडर, हीट गन, स्टोव एवं अन्य ड्रग निर्माण सहित 24 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जब्‍त की।

Ratlam MD Drug Factory: मध्यप्रदेश के रतलाम में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को पुलिस ने एक MD ड्रग बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया। बताया जा रहा है कि, यह यूनिट एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही थी। अब तक तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह करीब 3:00 बजे, पिपलोदा पुलिस थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए बोरखेड़ा गांव में इस अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।

MD ड्रग्स बनाने वाले आरोपी गिरफ्तार
इस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़ा। जब पुलिस कार्रवाई करने पहुंची तो ये आरोपी सक्रिय रूप से MD ड्रग्स बना रहे थे। पुलिस ने बताया कि, 31 मार्च को थाना पिपलोदा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी (MDMA) सिंथेटिक ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में संचालित इस अवैध लैब पर दबिश देकर पुलिस ने लगभग 175 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ, 200 ग्राम तैयार एमडीएमए, गैस सिलेंडर, हीट गन, स्टोव एवं अन्य ड्रग निर्माण सहित 24 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जब्‍त की है।

इस कार्रवाई में मुख्य सरगना जमशेद खान उर्फ “जमशेद लाला” उर्फ “जमशेद सेठ” को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जमशेद लाला एक अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का प्रमुख संचालक है, जिसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ है कि ड्रग निर्माण हेतु रसायनों की आपूर्ति राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र से की जा रही थी तथा घटना से पूर्व बड़ी मात्रा में एमडी की सप्लाई भी की जा चुकी थी।

ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़ा

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पोल्ट्री फार्म के अंदर अवैध रूप से MD ड्रग्स बनाई जा रही थीं, जो कि खेती की जमीन पर बना हुआ है। खुफिया जानकारी मिलने पर, पिपलोदा पुलिस थाना और जावरा साइबर सेल के कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम ने उस जगह पर छापा मारा।

ढाई महीने के अंदर दूसरी छापेमारी
खास बात यह है कि ढाई महीने के अंदर इस इलाके में नशीले पदार्थों का यह दूसरा बड़ा भंडाफोड़ है। इससे पहले, 16 जनवरी को पुलिस ने जावरा के कालूखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के चिकलाना गांव में MD बनाने वाली एक और अवैध यूनिट का भंडाफोड़ किया था।

वह ऑपरेशन मस्जिद के पीछे बने एक घर पर रात करीब 1:00 बजे छापा मारकर किया गया था। उस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने 10 किलोग्राम से ज़्यादा MD ड्रग्स, बड़ी मात्रा में केमिकल से भरे ड्रम, MD बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक 12-बोर की बंदूक, 91 जिंदा कारतूस, दो मोर और चंदन की लकड़ियां बरामद की थीं। फिलहाल, पुलिस ने बोरखेड़ा मामले में पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले की विस्तृत जांच चल रही है, और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

बोलेरो पिकअप वाहन से पकड़ाया था एमडी ड्रग्स
29 मार्च को पुलिस चौकी माननखेड़ा थाना रिंगनोद द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर फोरलेन रोड पर घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप वाहन से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत लगभग 50 लाख रुपये) जब्‍त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) भी जप्त किया गया। इस प्रकार पुलिस ने लगभग 55 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है।

इसी दिन एक अन्‍य कार्यवाही में थाना रिंगनोद पुलिस द्वारा 100 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) साथ एक आरोपी को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी से कुल 1 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति  जप्त की गई।

क्षेत्र में संगठित ड्रग नेटवर्क सक्रिय
इससे पूर्व भी रतलाम जिले में एमडीएमए निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया जा चुका है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में संगठित ड्रग नेटवर्क सक्रिय रहा है, जिस पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए संपूर्ण सप्लाई चेन को ध्वस्त करने, नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अवैध संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई हेतु विस्तृत विवेचना की जा रही है। यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की दृढ़ प्रतिबद्धता एवं प्रभावी रणनीति को दर्शाती है।