Rajya Sabha Elections 2024: BJP के बंसीलाल, मुरुगन, उमेश नाथ, माया और कांग्रेस के अशोक सिंह ने दाखिल किया नामांकन

BJP Rajya Sabha nomination
X
मध्य प्रदेश में भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए।
राज्यसभा चुनाव के लिए MP में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिए हैं। भाजपा के बंशीलाल गुर्जर, डॉ. एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज और माया नारोलिया ने पर्चा भरा है। कांग्रेस के अशोक सिंह ने नामांकन दाखिल किया।

भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। पहले भाजपा के बंसीलाल गुर्जर, डॉ. एल मुरुगन, उमेश महाराज और माया नारोलिया ने पर्चा दाखिल किया। इसके बाद कांग्रेस के अशोक सिंह ने नामांकन भरा है। भाजपा प्रत्याशियों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।नामांकन भरने से पहले मुख्यमंत्री निवास पर उमेशनाथ महाराज ने सीएम मोहन यादव से भेंट की। मोहन यादव ने उमेशनाथ का शॉल श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद सीएम विधानसभा पहुंचे।

अशोक बोले-मेरी कोशिश रहेगी कि जनता की आवाज उठाऊं
अशोक सिंह के नामांकन दाखिल करने के दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, अरुण यादव, अजय सिंह समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नामांकन के दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह मौजूद नहीं थे। इस पर अशोक सिंह ने कहा उनका पहले से तय कार्यक्रम था इसलिए वह नहीं आए। सभी बड़े नेताओं का मुझे आशीर्वाद है। कांग्रेस में सभी एकजुट हैं और सब ने मिलकर मेरा नाम दिया था। अशोक ने सह भी कहा कि आज का दिन मेरे लिए काफी बड़ा दिन है। मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि जनता की आवाज उठाऊं।

Ashok Singh filed nomination

उमंग ने कहा-कांग्रेस ने सिंधिया के लिए शेर दिया है
नामांकन के दौरान कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के नहीं पहुंचने के सवाल पर जीतू पटवारी बोले- कोई शंका, कुशंका किसी को नहीं होनी चाहिए। बुधवार को ही कमलनाथ, दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर बधाई दे दी है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी अशोक सिंह के लिए कहा कि कांग्रेस ने सिंधिया के लिए शेर दिया है।

सीएम मोहन बोले-चारों विभूतियां राज्यसभा को गौरवान्वित करेंगे
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चारों प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि हम सभी ने मिलकर चारों प्रत्याशियों के नामांकन फार्म दाखिल किए हैं। निश्चित रूप से चारों प्रत्याशी राज्यसभा में मध्यप्रदेश का पक्ष रखेंगे और राज्यसभा को भी गौरवान्वित करेंगे। मोदी जी के नेतृत्व में जिस तरह से राज्यसभा और लोकसभा में हमारे प्रत्याशियों का चयन होता है यह उसकी उज्ज्वल परंपरा है।

शिवराज बोले-भाजपा वो करती है, जिसकी उम्मीद नहीं होती
बीजेपी के राज्यसभा नामांकन पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बीजेपी हर वर्ग और समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को मौका देती है। कभी-कभी बीजेपी वो करती है जिसकी उम्मीद नहीं की जाती है। योग्य उम्मीदवारों का चयन कर लिया गया है। पार्टी कार्यकर्ता खुश हैं।

मुरुगन ने सभी नेताओं को दिया धन्यवाद
डॉ. एल मुरुगन ने पार्टी ने बड़ा अवसर दिया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित सभी सीनियर नेताओं को धन्यवाद देता हूं। मुरुगन ने कहा कि तमिलनाडु और मध्यप्रदेश का बहुत पुराना संबंध है। अटल बिहारी वाजपेई के समय से हमारा संबंध है। भाजपा में ऐसा संभाव है कि नीचे के कार्यकर्ता को राज्यसभा सदस्य बनाया जा सकता है, यह भाजपा में ही हो सकता है।

वीडी बोले-चारों नेताओं ने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
नामांकन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने चार ऐसे प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है जो संगठन के काम से लेकर जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तमिलनाडु को भी मध्य प्रदेश से आज ताकत मिली है। सामाजिक क्षेत्र में सामाजिक समस्या को लेकर उमेश नाथ जी महाराज ने मध्य प्रदेश नहीं पूरे देश के अंदर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वीडी ने कहा कि भाजपा की महिला मोर्चे की राष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया महिला सशक्तिकरण का काम कर रही हैं। दूसरी तरफ हमारे किसान मोर्चे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंसीलाल गुर्जर बूथ अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री रहे हैं। एल. मुरुगन केंद्र सरकार में कैबिनेट के मंत्री हैं।

कल होगी नामांकन की जांच, 27 को मतगणना
बता दें राज्यसभा चुनाव का नामांकन आज दाखिल किए जाएंगे। नामांकन की जांच 16 फरवरी को होगी। 20 फरवरी तक कैंडिडेट्स अपने नाम वापस ले सकते हैं। 27 फरवरी को मतदान होगा और 27 को ही शाम पांच बजे मतगणना होगी। इसके बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। मालूम हो कि राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव राज्य विधान सभाओं के निर्वाचित सदस्यों की ओर से अप्रत्यक्ष तौर पर किया जाता है। राज्यसभा एक स्थायी सदन है। इसके एक-तिहाई सदस्य हर 2 साल में रिटायर हो जाते हैं, जिससे सदन के कामकाज में निरंतरता बनी रहती है। राज्यसभा सांसद का कार्यकाल 6 साल का होता है।

इन राज्यसभा सांसदों का दो अप्रैल को पूरा होगा कार्यकाल
मध्यप्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 163 और कांग्रेस के 66 विधायक हैं। एक अन्य विधायक कमलेश डोडियार सैलाना विधानसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी के बैनर तले चुनाव जीते हैं। विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या के आधार पर चार सीट भाजपा के खाते में जाना तय है। एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी का चयन होगा। मध्यप्रदेश से भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद अजयप्रताप सिंह, कैलाश सोनी, धर्मेंद्र प्रधान और डॉ एल मुरुगन का कार्यकाल आगामी 02 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल भी अपना कार्यकाल 02 अप्रैल को पूरा कर लेंगे। खाली होने वाली पांचों सीटों पर 27 फरवरी को राज्यसभा सदस्य का चुनाव होगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story