Jabalpur News: मध्यप्रदेश। जबलपुर के मदन महल पहाड़ी के पास भैरो नगर बड़ा पत्थर क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकठ्ठा हुए और प्रशासनिक टीम का विरोध किया। प्रशासनिक टीम ने भारी विरोध के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की लेकिन इस दौरान क्षेत्र में काफी तनाव हो गया था।
भैरो नगर बड़ा पत्थर क्षेत्र में नगर निगम की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। प्रशासनिक टीम को देख इलाके में पहले तो हड़कंप मच गया फिर धीरे-धीरे लोग इकठ्ठा हुए और विरोध करने लगे। अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद की जा रही है।
22 अतिक्रमण चिन्हित
मदन महल पहाड़ी क्षेत्र में 650 चिन्हित अतिक्रमण हैं जिन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाना है। शनिवार को ऐसे 22 अतिक्रमण चिन्हित किए गए जिन्हें हटाया जाना था। प्रशासन के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। आने वाले समय में पूरे 650 अतिक्रमण हटा दिए जाएंगे।
अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शुरू
बताया जा रहा है कि, स्थानीय लोग परीक्षा और अन्य कारणों से मकान खाली करने की मोहलत मांग रहे थे। प्रशासनिक टीम द्वारा उन्हें समझाया गया कि, उनके विस्थापन की व्यवस्था की गई है इसके बावजूद लोग समय की मांग करते रहे। बहस के चलते घंटों तक तनाव की स्थिति बनी रही फिर प्रशासनिक टीम ने शांति की अपील करते हुए अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शुरू की।
घर खाली करने की अंतिम मोहलत
आरोप है कि, मदन महल पहाड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण करके रह रहे लोगों को अन्य स्थान पर जमीन दी गई है इसके बावजूद यहां से अतिक्रमण नहीं हट रहा। इसके पहले भी कई बार टीम ने अतिक्रमण हटाने की कोशिश की लेकिन विरोध के चलते ऐसा हो नहीं पाया। इस बार एक-दो परिवारों को घर खाली करने के लिए अंतिम मोहलत दी गई है।










