haribhoomi hindi news
कटनी मुड़वारा के पास कोयला लदी मालगाड़ी डीरेल हो गई। 5 डिब्बे पटरी से उतरे और बिलासपुर-बीना रेल रूट प्रभावित हुआ। ट्रैक सुधारने का काम जारी।

MP News: बिलासपुर से कोयला लेकर बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी कटनी मुड़वारा स्टेशन से पहले डीरेल हो गई। जानकारी के अनुसार, 5 डिब्बे पटरी से उतर गए और बिलासपुर-बीना रेल रूट प्रभावित है। मालगाड़ी के डीरेल होने की सूचना मिलने पर DRM और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल ट्रैक को सुधारने के लिए टीम काम कर रही है।

पांच डिब्बे पटरी से उतरे
बताया जा रहा है कि, कोयला लेकर बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी NKJ से कटनी मुड़वारा की ओर बढ़ी और बाबा घाट के पास बने केबिन के करीब अचानक डीरेल हो गई। एक-एक कर मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और कोयला ट्रैक पर चारों ओर बिखर गए। 

लोको पायलट ने दी सूचना
मालगाड़ी के डीरेल होने की सूचना लोको पायलट द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद कटनी सहित जबलपुर और सतना से टीम मौके पर पहुंची। मालगाड़ी के डीरेल होने के पीछे क्या कारण है यह अब तक पता नहीं चला है। टीम का फोकस फिलहाल ट्रैक को दोबारा चालू करना है।

यात्री ट्रेन प्रभावित
बिलासपुर-बिना रेलखंड बंद होने से मुड़वारा से बिलासपुर-शहडोल की ओर जाने वाली यात्री ट्रेन प्रभावित है। मशीन की मदद से एक ओर जहां डीरेल डिब्बों को अलग करने की कोशिश की जा रही है वहीं दूसरी ओर मजदूरों की मदद से ट्रैक के चारों ओर फैला कोयला भी समेटने की कोशिश जारी है।

वैकल्पिक रुट की व्यवस्था
रेलवे द्वारा वैकल्पिक रुट की व्यवस्था की गई है लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अपनी ट्रेन की स्थिति और प्लैटफॉर्म संबंधी जानकारी के लिए स्टेशन या आधिकारिक ऐप/वेबसाइट से ली जा सकती है।

7