नोएडा पुलिस ने एक्सप्रेसवे के डूब क्षेत्र से बरामद व्यक्ति के शव के मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि उसकी हत्या उसके ही बेटे ने की थी। इस कलयुगी बेटे ने अपने पिता के सिर पर लोहे की रॉड से कई बार प्रहार किए। प्रहार इतने तेज थे कि उनकी एक आंख तक बाहर निकल आई थी। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोएडा की एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान राकेश के रूप में हुई थी। वह पेशे से ट्रक ड्राइवर थे। राकेश अपने परिवार के साथ एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में रहते थे। उनका बेटा सत्येंद्र ओला कैब चलाता है। उन्होंने बताया कि एक तारीख को राकेश का शव थानाक्षेत्र एक्सप्रेसवे के डूब क्षेत्र में बरामद हुआ था। मामले में मृतक के पुत्र को गिरफ़्तार किया गया है।
इस वजह से की पिता की हत्या
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि राकेश सिंह ने अपने बेटे को ईएमआई पर कार दिलाई थी। लेकिन, ईएमआई का भुगतान राकेश के बैंक खाते से हो रहा था। कुछ समय से पुत्र अपने पिता को पैसे नहीं दे रहा था। इसके चलते दोनों विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सत्येंद्र ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।
#WATCH नोएडा(उत्तर प्रदेश): एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया, "थानाक्षेत्र एक्सप्रेसवे के डूब क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मामले में आरोपी मृतक के पुत्र को गिरफ़्तार किया गया है। पिता के द्वारा पुत्र को EMI पर एक कार दिलाई गई थी जिसका भुगतान पिता के बैंक अकाउंट से… pic.twitter.com/B3mwt5IHfg
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 7, 2026
सबके सामने मारा था थप्पड़
उधर, नोएडा के एसीपी थर्ड राकेश प्रताप सिंह के हवाले से बताया गया है कि सत्येंद्र सिंह ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसे अपने पिता पर क्यों गुस्सा आया। उसने कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इस दौरान पिता ने आते ही पैसे मांगे। जब पैसे देने से मना कर दिया तो सबके सामने थप्पड़ मार दिया। वो नशे में था और उसे यह अपमान बर्दाश्त नहीं हुआ। उसने अपने पिता को जान से मारने की ठानी और ट्रैक्टर से लोहे की रॉड निकालकर उनके सिर पर एक के बाद एक कई बार प्रहार किया। इसके बाद शव को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









