Raisen News: मध्यप्रदेश। रायसेन में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां थ्रेशर मशीन में फंसने से एक किसान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, मशीन के अंदर फंसे किसान का सिर और धड़ अलग हो गया और उसकी हड्डियां भी टूट गई। मामला बाड़ी थाना क्षेत्र का है। मृतक का नाम नर्मदा कहर बताया जा रहा है।
सिर कटा धड़ मशीन से निकला
मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को थ्रेशर से बाहर निकाला। थ्रेशर के अंदर से किसान का सिर कटा धड़ बाहर आया। इस मंजर को देख हर कोई सहम गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
संतुलन बिगड़ते ही मशीन की चपेट में आया किसान
लोगों ने बताया कि, हादसा दोपहर के समय हुआ था। गेहूं की फसल काटी जा रही थी। काम लगभग पूरा हो गया था। नर्मदा कहार मशीन के पास खड़े होकर फसल को थ्रेशर में डाल रहे थे। इसी दौरान नर्मदा का संतुलन बिगड़ गया और वे थ्रेशर मशीन की चपेट में आ गए। मशीन की रफ्तार इतनी तेज थी की संभालने का मौका भी नहीं मिला।
मौके पर लोगों की भीड़ इकठ्ठा
कोई मदद कर पाता इसके पहले ही नर्मदा का शरीर मशीन के अंदर चला गया। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों और मजदूरों ने पुलिस और गांव वालों को सूचित किया। थोड़ी ही देर में यहां लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किसान के हाथ भी कट गए थे। मशीन के अंदर खून के छींटें मिले हैं।