पीथमपुर में मजदूरों का प्रदर्शन, सैलरी 25 हजार रुपए करने की मांग पर सड़क जाम, 3KM लंबा ट्रैफिक जाम, प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुए कर्मचारी।

Workers Protest: धार के पीथमपुर में सैकड़ों कर्मचारी सड़क पर प्रदर्शन करने आ गए। इन लोगों की मांग है कि, इनकी सैलरी बढ़ाई जाए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि, बढ़ती महंगाई के कारण मिल रही सैलरी में घर का खर्चा चलाना मुश्किल है।

प्रदर्शन पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मदरसन कंपनी (यूनिट-2) के कर्मचारियों द्वारा किया गया। सोमवार को प्रदर्शन कर रहे इन कर्मचारियों का कहना है कि, वेतन नहीं बढ़ाया गया तो काम बंद कर दिया जाएगा। सड़क पर बैठे कमर्चारियों के कारण महू-नीमच मार्ग पर चक्काजाम हो गया। सड़क के दोनों तरफ 3 किलोमीटर लंबे जाम के कारण कई वाहन फंसे हुए थे।

सैलरी 25 हजार करने की मांग
कर्मचारियों का कहना है कि, कंपनी द्वारा उनकी जायज मांगों को नहीं माना जा रहा। इन लोगों की मांग है कि, वेतन बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया जाए। कुछ लोगों ने तो यह आरोप भी लगाए कि, कंपनी के अंदर पीने के पानी की सही व्यवस्था भी नहीं है।

आश्वासन मिलने पर लोग हुए शांत
हंगामे और प्रदर्शन की खबर मिलने पर सीएसपी, तहसीलदार और एसडीएम, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हाइवे पर वाहनों की लगी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक दूसरे रास्ते पर डायवर्ट किया गया। प्रशासन द्वारा मजदूरों को समझाने का प्रयास किया गया। प्रबंधन से बात करके उचित मांगों को मनवाने का आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी प्रदर्शन से उठे। इसके बाद रास्ता खुल पाया।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)